बड़ा भक्तमाल के महंत अवधेश दास की बिगड़ी तबीयत:फेफड़ें में पानी और सीने में दर्द की शिकायत, निजी अस्पताल में भर्ती

अयोध्या के बड़ा भक्तमाल मंदिर के महंत अवधेश दास (आयु लगभग 60 वर्ष) की अचानक तबीयत बिगड़ गई। उन्हें तुरंत श्रीराम अस्पताल लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। प्रशासनिक अधिकारी यश प्रकाश सिंह ने बताया कि महंत को फेफड़ों में पानी और सीने में दर्द की शिकायत के कारण अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज जारी है। महंत की तबीयत बिगड़ने की खबर से संत समाज और श्रद्धालुओं में चिंता का माहौल है। अयोध्या में उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की जा रही है। श्रीरामवल्लभाकुंज के प्रमुख स्वामी राजकुमार दास ने महंत अवधेश कुमार दास के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है। जगदगुरु अर्जुन द्वाराचार्य कृपालु रामभूषण देवाचार्य और पत्थर मंदिर के महंत मनीष दास पीड़ित महंत को देखने अस्पताल पहुंचे हैं। दोनों महंतों ने बताया कि महंत का बेहतर इलाज चल रहा है।भगवान की कृपा से वे शीघ्र स्वस्थ होकर हम सब के बीच होंगे। बड़ा भक्तमाल मंदिर के महंत अवधेश कुमार दास मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के करीबी महंतों में हैं। जब भी सीएम अयोध्या आते हैं, महंत सीधे उनसे मिलते हैं या फिर सीएम अपने गुरु महंत कौशल किशोर दास भक्तमाली का हाल लेने उनके आश्रम पहुंचते हैं।