चंदौली में बदमाशों ने एक 17 साल के लड़के की गोली मारकर हत्या कर दी। 5-6 बदमाश एक घर में चोरी करने घुसे थे। बक्सा चोरी कर ले जाते समय लड़का उनसे भिड़ गया। करीब 5 मिनट तक उसका बदमाशों से संघर्ष हुआ। एक बदमाश को उसने पकड़ भी लिया। खुद को फंसता देख बदमाशों ने लड़के को गोली मार दी। इसके बावजूद लड़के ने बदमाश को अपनी पकड़ से छूटने नहीं दिया। उधर, गोली की आवाज सुनकर गांववाले दौड़कर मौके पर पहुंचे। लेकिन, लोगों के पहुंचने के पहले बदमाश भाग गए। हालांकि, लड़के ने एक बदमाश को पकड़े रखा। गांववालों ने बदमाश को पकड़ लिया, बाद में उसे पुलिस के हवाले कर दिया। फिर घायल लड़के को अस्पताल ले जाने लगे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। वारदात रविवार देर रात की सैयदराजा थाना क्षेत्र के दुधारी गांव की है। अब जानिए पूरा मामला गांववालों ने बताया, दुधारी गांव में रहने वाले मुन्ना राम के घर में रात करीब डेढ़ बजे 5-6 बदमाश घुस आए। घर के सभी लोग सो रहे थे। घर में घुसे बदमाशों ने पूरा घर खंगाल दिया। वे बक्से लेकर जाने लगे। उसी वक्त मुन्ना के बेटे मोनू कुमार (17) की नींद खुल गई। उसने घर में हलचल देखी, तो झपटा। इस पर बदमाश जल्दी-जल्दी भागने लगे। लेकिन, मोनू हिम्मत दिखाते हुए बदमाशों से भिड़ गया। उसने दौड़ाकर एक बदमाश को पकड़ लिया। इस पर बाकी बदमाश अपने साथी को छुड़ाने के लिए युवक से भिड़ गए। करीब 5 मिनट तक संघर्ष हुआ, लेकिन मोनू ने उसे नहीं छोड़ा। फंसता देख एक बदमाश ने गोली चला दी। उधर, बदमाशों से भिड़ा मोनू लगातार शोर मचाता रहा। गोली चलने की आवाज सुनकर गांव के लोग दौड़े पहुंचे। देखा मोनू खून से लथपथ होने के बाद भी एक बदमाश को पकड़े है। उसने कहा- बाकी बदमाशों को पकड़ो। हालांकि, वे भाग चुके थे। मोनू के पकड़े बदमाश को गांववालों ने पकड़ लिया। इसके बाद मोनू को आनन फानन में अस्पताल लेकर जाने लगे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। पीछे से आए बदमाश ने मारी गोली
गांववालों ने बताया कि 5-6 बदमाशों से मोनू अकेले लड़ता रहा। लेकिन, पीछे से आए एक बदमाश ने उसके सीने में गोली मार दी। गोली लगने से मोनू गंभीर रूप से घायल हो गया, इसके बावजूद मोनू ने एक बदमाश को पकड़े रखा। घटना की बाद सूचना पर पुलिस पहुंची। गांववालों ने पकड़े गए बदमाश को पुलिस के हवाले कर दिया। बदमाश के पास से एक डायरी, 2 मोबाइल फोन और 9 हजार रुपए बरामद हुए हैं। मोनू की मौत की खबर मिलते ही परिवार समेत पूरे गांव में मातम छा गया। मोनू के पिता मुन्ना राम मजदूरी करते हैं। 4 भाई और दो बहनों में मोनू 5वें नंबर पर था। दोनों बहनों गीता-आरती और सबसे बड़े भाई सोनू की शादी हो चुकी है। उसके भाई करण और छोटे भाई अंश का रो-रोकर बुरा हाल है। पता चलने पर सैयदराजा से सपा के पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू मोनू के घर पहुंचे। उन्होंने कहा कि पूरे जनपद में आए दिन चोरी की घटनाएं हो रही हैं। लेकिन, पुलिस मुकदमा तक नहीं लिखती। इस गरीब परिवार के पास अब तक कोई सरकारी अफसर नहीं पहुंचा। परिवार की आर्थिक मदद करने की जरूरत है। अगर ऐसा ही रहा तो पोस्टमॉर्टम के बाद चक्का जाम किया जाएगा। एएसपी अनंत चंद्रशेखर ने बताया- एक आरोपी को गांव के लोगों ने पकड़ लिया था। उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। वारदात में शामिल 3 अन्य बदमाशों को भी पुलिस ने हिरासत में लिया है। जल्द ही सभी आरोपियों को पकड़ा जाएगा। 3 टीमों काे लगाया गया है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। —————– ये खबर भी पढ़ें बृजभूषण को गिफ्ट में डेढ़ करोड़ का घोड़ा मिला, VIDEO, कीमत सुनकर ठहाका लगाया बाहुबली बृजभूषण सिंह लग्जरी लाइफ को लेकर सुर्खियों में रहते हैं। अब डेढ़ करोड़ रुपए का घोड़ा भी उनकी अस्तबल की शान बढ़ा रहा है। इसे उन्होंने खरीदा नहीं, बल्कि गिफ्ट में मिला है। गिफ्ट देने वाले सांसद बेटे करण भूषण सिंह के दोस्त हैं। पूरी खबर पढ़ें