बदायूं में नए साल का जश्न धूमधाम से मनाया गया। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए एसएसपी डॉ. ब्रजेश सिंह स्वयं पुलिस बल के साथ सड़कों पर उतरे। एसएसपी ने देर रात तक शहर के प्रमुख चौराहों, बाजारों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में पैदल गश्त की और वाहन पेट्रोलिंग का जायजा लिया। उन्होंने मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए। जश्न के दौरान बढ़ी आवाजाही को देखते हुए प्रमुख मार्गों और चौराहों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया था। बैरियर लगाकर वाहनों की चेकिंग की गई और संदिग्ध व्यक्तियों पर कड़ी नजर रखी गई। नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्ती बरती गई। पुलिस की देर रात तक मौजूदगी के कारण लोगों ने बेफिक्र होकर नववर्ष का जश्न मनाया। पुलिस प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया कि शांति भंग करने की किसी भी कोशिश पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।