बिल्सी में बिजनौर-बदायूं हाईवे पर शुक्रवार शाम एक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। खैरी पेट्रोल पंप के पास एक अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। मृतक की पहचान केसरपुर निवासी करण उर्फ डीपी (25) पुत्र रामनिवास के रूप में हुई है। करण शुक्रवार को किसी काम से बिल्सी आया था। शाम करीब सात बजे वह अपनी बाइक से गांव लौट रहा था। खैरी पेट्रोल पंप के पास पहुंचते ही सामने से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि करण सड़क पर गिरते ही गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर बिल्सी पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने बताया कि अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश की जा रही है। हादसे की सूचना मृतक के परिजनों को दे दी गई है।