बनारस-खजुराहो वंदे भारत एक्सप्रेस 11 नवंबर से चलेगी:नियमित संचालन शुरू, तीर्थ और पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा

बनारस-खजुराहो वंदे भारत एक्सप्रेस का नियमित परिचालन 11 नवंबर से शुरू होगा। ट्रेन संख्या 26506/26505 के संचालन को स्वीकृति मिल गई है। यह ट्रेन बनारस से खजुराहो की दूरी 7 घंटे 50 मिनट में तय करेगी। यह अत्याधुनिक सेमी-हाईस्पीड ट्रेन सप्ताह में 6 दिन (गुरुवार को छोड़कर) चलेगी। बनारस और खजुराहो, दोनों ही भारतीय आध्यात्मिकता, कला और पर्यटन के महत्वपूर्ण केंद्र हैं। इस नई वंदे भारत एक्सप्रेस से काशी, चित्रकूट, बांदा और बुंदेलखंड क्षेत्रों की कनेक्टिविटी में सुधार होगा। इससे तीर्थ पर्यटन, शिक्षा, व्यवसाय और स्थानीय अर्थव्यवस्था को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। ट्रेन संख्या 26506 बनारस-खजुराहो वंदे भारत एक्सप्रेस बनारस से सुबह 05:15 बजे प्रस्थान करेगी। यह विंध्याचल में 06:55 बजे, प्रयागराज छिवकी में 08:00 बजे, चित्रकूटधाम कर्वी में 10:05 बजे, बांदा में 11:08 बजे, महोबा में 12:08 बजे और खजुराहो में 13:10 बजे पहुंचेगी। इसी तरह, ट्रेन संख्या 26505 खजुराहो से बनारस के लिए दोपहर 15:20 बजे रवाना होगी। यह महोबा में 16:18 बजे, बांदा में 17:13 बजे, चित्रकूटधाम कर्वी में 18:13 बजे, प्रयागराज छिवकी में 20:20 बजे, विंध्याचल में 21:10 बजे और बनारस रेलवे स्टेशन पर 23:10 बजे पहुंचेगी। इस ट्रेन के परिचालन से बुंदेलखंड और पूर्वांचल के बीच संपर्क में उल्लेखनीय सुधार होगा। इससे पर्यटन और व्यापारिक गतिविधियों में वृद्धि होगी, साथ ही माता विंध्यवासिनी धाम आने वाले भक्तों की यात्रा भी सुगम बनेगी।