बबेरू में सड़क हादसे में दो युवकों की मौत:तेज रफ्तार बस ने बाइक को मारी टक्कर, एक गंभीर घायल

बांदा जिले के बबेरू कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार देर शाम एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हो गया। बेर्राव गांव स्थित पंडित दीनानाथ महाविद्यालय के पास करीब 7:30 बजे तेज रफ्तार प्राइवेट बस ने बाइक सवार तीन युवकों को टक्कर मार दी। हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतकों की पहचान हुई, घायल को बांदा किया गया रेफर हादसे में जान गंवाने वाले युवकों की पहचान सुरेंद्र उर्फ सोनी (20) पुत्र देवराज गुप्ता और निखिल (20) पुत्र मूलचंद निवासी छिलोलर, थाना कमासिन के रूप में हुई है। गंभीर रूप से घायल शुभम (20) पुत्र रवि करण नामदेव को पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बबेरू लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक होने पर उसे जिला अस्पताल बांदा रेफर कर दिया गया। पुलिस ने शव भेजे पोस्टमार्टम को, जांच में जुटी सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों युवकों को अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने दो को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज बांदा भेज दिया है। साथ ही बस चालक और वाहन के बारे में जानकारी जुटाते हुए कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।