बरेली के सभी सरकारी दफ्तरों में ई-ऑफिस प्रणाली अनिवार्य हुई:डीएम अविनाश सिंह की सख्ती, मार्च महीने के वेतन पर लटकी तलवार

बरेली के कलेक्ट्रेट सभागार में आज ई-ऑफिस के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक की अध्यक्षता डीएम अविनाश सिंह ने की। समीक्षा के दौरान डीएम ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जिन कार्यालयों और पटलों पर ई-ऑफिस के माध्यम से कामकाज नहीं किया जा रहा है, उनका मार्च महीने का वेतन आहरित नहीं किया जाएगा। उन्होंने सख्त लहजे में कहा कि यदि किसी को ई-ऑफिस संचालित करने में कोई तकनीकी समस्या आ रही है, तो उसका तत्काल निस्तारण कराएं और डिजिटल प्रणाली से कार्य शुरू करें। तीन दिन के भीतर ‘गो-लाइव’ करने का अल्टीमेटम, फाइलों के डिजिटल मूवमेंट की हुई विस्तृत समीक्षा
बैठक के दौरान डीएम ने उन विभागों की विस्तार से समीक्षा की जो ई-ऑफिस के माध्यम से फाइलें मूव कर रहे हैं, साथ ही उन कार्यालयों की भी स्थिति जानी जो ‘गो-लाइव’ की प्रक्रिया में हैं। अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए गए हैं कि अगले तीन दिनों के भीतर जिले के सभी संबंधित विभागों में ई-ऑफिस प्रणाली को पूरी तरह सक्रिय (Go-live) कर दिया जाए। बैठक में प्रशासनिक अमले की मौजूदगी रही, जिसमें अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) संतोष कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी प्रशासन पूर्णिमा सिंह, अपर जिलाधिकारी नगर सौरभ दुबे, अपर नगर आयुक्त शशि भूषण सिंह और समस्त उप जिलाधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।