बरेली में भ्रष्टाचार निवारण संगठन (एंटी करप्शन) ने सोमवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए मार्केटिंग इंस्पेक्टर मनीष कुमार दुबे और उनके सहयोगी प्राइवेट व्यक्ति अतुल गंगवार को 10 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया। ट्रैप कार्रवाई बहेड़ी की कृषि उत्पादन मंडी समिति के धान क्रय केंद्र पर की गई। शिकायतकर्ता ने बताया- क्विंटल के हिसाब से मांगी जा रही थी रिश्वत
ग्रामीण सुनील कुमार निवासी मलकपुर, बहेड़ी ने आरोप लगाया था कि धान खरीद प्रक्रिया में क्विंटल के हिसाब से 10 हजार रुपए रिश्वत मांगी जा रही है। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए भ्रष्टाचार निवारण संगठन ने तुरंत जाल बिछाया। बरेली मंडल की ट्रैप टीम प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र सिंह की अगुआई में मौके पर पहुंची और दोनों आरोपियों को रिश्वत लेते ही धर-दबोचा। FIR दर्ज, पुलिस ने रकम भी बरामद की
गिरफ्तारी के बाद दोनों के खिलाफ थाना देवरनिया में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। टीम ने रिश्वत की रकम भी मौके से बरामद कर ली। अधिकारियों ने बताया कि आरोपियों को जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है। पीड़ितों के लिए सीधा नंबर जारी
एंटी करप्शन की ओर से दो नंबर जारी किये गये है। पीड़ित व्यक्ति भ्रष्टाचार संबंधी शिकायतें सीधे इन नंबरों पर दे सकते हैं।
पुलिस उपाधीक्षक, एंटी करप्शन बरेली: 9454405475
प्रभारी निरीक्षक, इंकम्बेंसी करप्शन बरेली: 9454401653