बरेली के थाना प्रेमनगर अंतर्गत डेलापीर चौकी क्षेत्र में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब शराब के नशे में धुत दो कार सवारों ने अपनी तेज रफ्तार गाड़ी से दो कारों को टक्कर मार दी। घटना झूलेलाल द्वार के पास की है, जहां रफ़्तार और नशे के कॉकटेल ने सड़क पर चलते लोगों की सांसें थाम दीं। हादसे में गाड़ियाँ चकनाचूर
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, तेज रफ्तार KUV 100 कार ने सड़क पर खड़ी थार और एक अन्य कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि गाड़ियों के परखच्चे उड़ गए। वीडियो फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि गाड़ियों का अगला और पिछला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है। गनीमत यह रही कि इस भयानक हादसे में किसी की जान नहीं गई, वरना बड़ा हादसा हो सकता था। पब्लिक का फूटा गुस्सा
हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया। स्थानीय लोगों ने शराब के नशे में धुत दोनों कार सवारों को गाड़ी से खींचकर बाहर निकाला और उनकी जमकर क्लास लगाई। भीड़ ने दोनों आरोपियों की मौके पर ही धुनाई कर दी। पुलिस ने बमुश्किल बचाया
हंगामे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। आक्रोशित भीड़ के बीच फंसे आरोपियों को पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद छुड़वाया और हिरासत में लिया। पुलिस अब इस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।