यूपी में खुले नालों और असुरक्षित निर्माण कार्यों ने एक बार फिर एक हंसते-खेलते परिवार की खुशियां उजाड़ दी हैं। नोएडा में हाल ही में हुए दर्दनाक हादसे के बाद अब बरेली के भोजीपुरा से विचलित कर देने वाली खबर सामने आई है, जहां प्रशासन और ग्राम प्रधान की घोर लापरवाही के कारण डेढ़ साल के मासूम प्रयाग को अपनी जान गंवानी पड़ी। घर के ठीक सामने बने गहरे नाले ने उस वक्त काल का रूप ले लिया जब बच्चा वहां खेल रहा था। वोट नहीं देने पर जानबूझकर बनाया नाला
बरेली के भोजीपुरा थाना क्षेत्र से एक ऐसी तस्वीर सामने आई है जो किसी का भी कलेजा चीर दे। एक लाचार पिता अपनी गोद में अपने डेढ़ वर्षीय मृत बच्चे प्रयाग को लिए बैठा है- यह मौत कोई सामान्य हादसा नहीं, बल्कि एक प्रधान को वोट नहीं देने का नतीजा है। मोहम्मदपुर ठाकुरान गांव में घर के पास बने एक अवैध नाले ने इस मासूम की जिंदगी छीन ली। परिवार का आरोप है कि जिस नाले को मौत का कारण बताया जा रहा है, वह न केवल अवैध है बल्कि उसे चुनावी रंजिश के चलते जानबूझकर खतरनाक स्थिति में छोड़ा गया था। देखे 3 तस्वीरें ….. खेलता हुआ बचपन नाले की गंदगी में समाया
जानकारी के मुताबिक, जितेंद्र का डेढ़ वर्षीय पुत्र प्रयाग गुरुवार दोपहर को घर के पास ही खेल रहा था। खेलते-खेलते वह अचानक पास ही बने गहरे नाले में जा गिरा। जब तक परिजनों की नजर पड़ी और उसे बाहर निकाला गया, मासूम की सांसें उखड़ चुकी थीं। बदहवास परिजन उसे लेकर तुरंत शहर के एक निजी अस्पताल भागे, लेकिन डॉक्टरों ने उसे देखते ही मृत घोषित कर दिया। इस खबर के बाद से पूरे गांव में सन्नाटा पसरा है और परिवार का इकलौता चिराग बुझ जाने से कोहराम मचा हुआ है। अनसुनी रही मुख्यमंत्री पोर्टल तक की गुहार
मृतक मासूम के दादा रामदास ने व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने बताया कि यह नाला सरकारी नक्शे में दर्ज ही नहीं है, बल्कि प्रधान पति रामकिशोर ने इसे अवैध तरीके से बनवाया था। परिवार ने इसे लेकर कई बार शिकायत की थी, यहाँ तक कि करीब एक माह पूर्व ‘मुख्यमंत्री पोर्टल’ (आईजीआरएस) पर भी शिकायत दर्ज कराई गई थी। शिकायत पर भोजीपुरा पुलिस गांव आई भी थी और निस्तारण के निर्देश दिए थे, लेकिन रसूख के आगे कार्रवाई ठंडे बस्ते में डाल दी गई। न तो नाले को बंद कराया गया और न ही उसे ढका गया, जिसका नतीजा आज इस मासूम की मौत के रूप में सामने आया है। प्रधान पति पर मुकदमा दर्ज
हादसे से आक्रोशित परिजन बच्चे का शव लेकर सीधे भोजीपुरा थाने पहुंचे और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पंचायतनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी राजीव कुमार ने बताया कि पीड़ित परिवार की तहरीर के आधार पर प्रधान पति के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।