बरेली जनपद के देवरनियां कोतवाली क्षेत्र में महिला से लूट की वारदात को अंजाम देने वाले तीन अपराधियों को पुलिस ने शनिवार शाम मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान एक बदमाश के दाहिने पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया, जबकि उसके दो साथियों को मौके से दबोच लिया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटे गए सभी आभूषण, नकदी, मोबाइल फोन, हथियार और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद कर ली है। तमंचे के बल पर छीना था पर्स पुलिस के अनुसार, 18 जनवरी 2026 को रनवीर सिंह निवासी ग्राम गदइया (रामपुर) ने कोतवाली देवरनियां में मुकदमा दर्ज कराया था। शिकायत में बताया गया कि नायरा पेट्रोल पंप के पास सेमीखेड़ा के समीप उनकी पत्नी से तीन अज्ञात बदमाशों ने तमंचा दिखाकर पर्स लूट लिया था। पर्स में मोबाइल फोन, करीब छह हजार रुपये नकद और बैग में रखे आभूषण थे। इस संबंध में मुकदमा संख्या 19/2026 धारा 309(4) बीएनएस के तहत पंजीकृत किया गया था। वाहन चेकिंग के दौरान हुई मुठभेड़ जानकारी के अनुसार शनिवार को देवरनियां कोतवाली प्रभारी उपनिरीक्षक आशुतोष द्विवेदी पुलिस टीम के साथ संदिग्ध व्यक्ति व वाहन चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि लूट में शामिल आरोपी दोबारा वारदात की नीयत से ग्राम इटौआ की ओर आ रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने घेराबंदी की। खुद को घिरा देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश घायल हो गया, जबकि दो अन्य को जंगल के पास से गिरफ्तार कर लिया गया। हथियार, नकदी और शत-प्रतिशत आभूषण बरामद पुलिस ने आरोपियों के पास से दो तमंचे (315 बोर), चार जिंदा कारतूस, तीन खोखा कारतूस, एक अवैध चाकू, लूट के सभी आभूषण (लर, कंठी, झुमके, अंगूठियां, मंगलसूत्र, पाजेब), 5600 रुपये नकद और घटना में प्रयुक्त स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की है। साथ ही थाना भोजीपुरा क्षेत्र में 1 फरवरी 2026 को दंपत्ति से लूटा गया मोबाइल फोन और नकदी भी आरोपियों से बरामद हुई है। सिपाही भी हुआ घायल मुठभेड़ के दौरान आरक्षी पवन बंसल भी घायल हुए हैं। घायल बदमाश को इलाज के लिए सीएचसी बहेड़ी भेजा गया है। मौके पर फील्ड यूनिट पहुंच चुकी है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।कोतवाली प्रभारी उपनिरीक्षक आशुतोष द्विवेदी ने बताया कि वाहन चेकिंग के दौरान मिली मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी की गई थी। बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग की, जिसके जवाब में की गई कार्रवाई में एक बदमाश घायल हुआ। दो आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया है, जबकि घायल आरोपी का इलाज बहेड़ी सीएचसी अस्पताल में चल रहा है।इस कार्रवाई में एसएसआई नवदीप कुमार सहित कोतवाली देवरनियां पुलिस टीम के कई अधिकारी और जवान शामिल रहे।