बरेली में सोमवार को एक ज्वेलर से 6 बदमाशों ने फिल्मी अंदाज में लूटपाट की। ज्वेलर अपनी दुकान बंद करघर लौट रहे थे। रास्ते में 2 बाइक से 6 बदमाशों ने उन्हें ओवरटेक कर घेर लिया। बदमाशों ने तमंचे तानकर उनका बैग छीन लिया। बैग में करीब 8 लाख की ज्वैलरी और कैश रखा था। विरोध करने पर बदमाशों ने ज्वेलर से मारपीट भी की। इस दौरान जैसे ही आसपास लोग जुटने लगे, तो बदमाश फायरिंग करते हुए भाग गए। वहीं, लूट की सूचना मिलते ही शेरगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची। ज्वेलर ने शेरगढ़ थाने में शिकायत दी। मौके से 2 कारतूस के खोखे भी मिले हैं। अब विस्तार से पढ़िए पूरा मामला… दो बदमाशों ने तमंचे के बट से कारोबारी को मारा
शाही इलाके में रहने वाले सुभाष रस्तोगी की नगरिया बाजार में ज्वैलरी की दुकान है। सोमवार शाम करीब साढ़े 4 बजे वे रोज की तरह दुकान बंद कर घर लौट रहे थे। जैसे ही शेरगढ़ कस्बे के पास पहुंचे, दो बाइक से 6 बदमाश बदमाश वहां पहुंच गए। उन लोगों ने सुभाष की बाइक को ओवरटेक कर रोक लिया। बाइक रुकते ही 2 बदमाश सुभाष के पास आए और उनका बैग छीनने लगे। विरोध करने पर बदमाशों ने तमंचे की बट से उनके सिर और कंधे पर कई वार किए। मारपीट के चलते सुभाष जमीन पर गिर पड़े। तभी अन्य बदमाश उनका बैग लेकर भाग निकले। बदमाशों ने मौके पर दो हवाई फायर भी किए, जिससे आसपास मौजूद लोग पास नहीं आ सके। ज्वेलर बोले- 6 बदमाशों ने गिरा-गिराकर मारा
सुभाष ने बताया- बैग में साढ़े 4 किलो चांदी, 30 ग्राम सोने के जेवर और 27 हजार रुपए नकद रखा था। इन सबकी कुल कीमत करीब 8 लाख रुपए है। दुकान बंद करके घर जा रहा था, इसलिए पूरा सामान साथ था। सुभाष ने बताया- बदमाश हथियारों से लैस थे। उन्होंने बीच सड़क पर फिल्मी अंदाज में मुझ पर हमला किया। गिरा-गिराकर पीटा और बैग छीन लिया। बदमाश काफी देर तक वहीं खड़े रहे और पूरा रोड जाम कर दिया। उन्होंने हवाई फायरिंग भी की। आसपास के लोगों को डराने के लिए चिल्लाते हुए कहा- ‘आओ…आओ।’ उनके हाथों में तमंचे थे। इसके चलते कोई भी ज्वेलर की मदद करने की हिम्मत नहीं कर सका। SSP ने बदमाशों को पकड़ने के लिए टीम बनाई
SSP अनुराग आर्य ने कहा- बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए दो टीमें बनाई गई हैं। बदमाशों की पहचान के लिए हाईवे और बाजार क्षेत्र के CCTV की फुटेज खंगाली जा रही है। जल्द ही गिरोह पकड़ लिया जाएगा। ————————– ये खबर भी पढ़ें- फौजी को दरोगा ने पीट-पीट कर मार डाला, स्कॉर्पियो ओवरटेक करने पर हुआ झगड़ा प्रयागराज में सेना के एक जवान को दरोगा और उसके साथियों ने पीट-पीटकर मार डाला। स्कॉर्पियो ओवरटेक करने को लेकर झगड़ा हुआ। इसके बाद दरोगा और उसके साथियों ने लोहे की रॉड से सेना के जवान को बुरी तरह से पीटना शुरू कर दिया। पढ़िए पूरी खबर…