बरेली में युवती से मारपीट करने वाले 2 आरोपी गिरफ्तार:अन्य साथी फरार, बारादरी पुलिस ने की कार्रवाई

बरेली के सेटेलाइट क्षेत्र स्थित माई बार हेडक्वार्टर में हुई हिंसक घटना के मामले में बारादरी पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस घटना में एक युवती के साथ अभद्रता, मारपीट और कांच की बोतल से हमला किया गया था। अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। पुलिस के अनुसार, अज्ञात के खिलाफ दर्ज मुकदमे की जांच के दौरान आरोपियों की पहचान की गई। गिरफ्तार आरोपियों में शिवम उर्फ काली और लकी दीप शामिल हैं। पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है और उनके खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। फरार आरोपियों के खिलाफ भी जल्द गिरफ्तारी का दावा किया गया है। घटना के बाद आबकारी विभाग भी सक्रिय हो गया है। आधी रात के बाद शराब परोसने की शिकायतों को लेकर जांच शुरू कर दी गई है। आबकारी अधिकारियों के मुताबिक, नए साल को देखते हुए सभी बार संचालकों को समय-सीमा के पालन का नोटिस पहले ही जारी किया गया था। माई बार हेडक्वार्टर के संचालक से स्पष्टीकरण मांगा गया है। संतोषजनक जवाब न मिलने पर लाइसेंस संबंधी कार्रवाई की जा सकती है। वीडियो फुटेज में देर रात तक शराब परोसे जाने के संकेत मिले हैं। जांच के दौरान यह भी सामने आया है कि हमलावरों के तार शहर में सक्रिय सूदखोरी नेटवर्क से जुड़े हो सकते हैं। सूत्रों के अनुसार, इस नेटवर्क का प्रभाव विभिन्न विभागों तक बताया जाता रहा है। पूर्व में सूद पर पैसा देने, वाहन गिरवी रखने और दबंगई से जुड़े कई मामले दर्ज हो चुके हैं। इतना ही नहीं, एक पुलिस अधिकारी को वाहन से टक्कर मारने के मामले में भी इन आरोपियों पर केस दर्ज होने की जानकारी सामने आई है।