बरेली हाईवे पर कंटेनर ने टोल कर्मी को कुचला:ट्रैक्टर चालक की मौत, परिजनों ने किया हंगामा

बरेली-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग पर सोमवार शाम एक तेज रफ्तार कंटेनर ने पानी के टैंकर वाले ट्रैक्टर को टक्कर मार दी। इस हादसे में ट्रैक्टर चला रहे टोल कर्मी परमानंद की कंटेनर से कुचलकर मौके पर ही मौत हो गई। यह घटना बरेली के फतेहगंज पश्चिमी टोल प्लाजा से करीब एक किलोमीटर पर हुई। जानकारी के अनुसार, सतुइया पट्टी पेट्रोल पंप के पास टोल प्लाजा पर कार्यरत खिरका जगतपुर निवासी परमानंद ट्रैक्टर चालक थे। सोमवार शाम वह हाईवे के बीच डिवाइडर पर लगे पौधों को पानी देने के लिए ट्रैक्टर से पानी का टैंकर लेकर चल रहे थे। तभी हरिद्वार से जमशेदपुर जा रहे टायर लदे एक अनियंत्रित कंटेनर ने पीछे से पानी के टैंकर में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि परमानंद ट्रैक्टर से गिरकर सड़क पर आ गए। कंटेनर उन्हें कुचलता हुआ निकल गया, जिससे उनकी घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और कंटेनर चालक को हिरासत में ले लिया। मृतक के परिजनों को जब घटना की जानकारी मिली तो उन्होंने मौके पर पहुंचकर हंगामा किया और आधे घंटे तक सड़क जाम कर दी, जिससे यातायात बाधित हो गया। पुलिस ने परिजनों को समझा-बुझाकर शांत किया और जाम खुलवाया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हिरासत में लिए गए कंटेनर चालक की पहचान शाहजहांपुर जिले के जलालाबाद थाना क्षेत्र निवासी प्रदीप के रूप में हुई है। मृतक परमानंद अपने पीछे पत्नी जमुना देवी और तीन बच्चों पायल (14), मनु (12) और आनंद (5) को छोड़ गए हैं। परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।थाना प्रभारी प्रयागराज सिंह ने बताया कि बाधित यातायात को सुचारू कर दिया गया है।