बलरामपुर में राधा-कृष्ण की शोभायात्रा निकली:शहर भक्ति और उल्लास के रंग में रंगा, भक्तों ने किया स्वागत

बलरामपुर में सोमवार रात श्री राधा-कृष्ण की होली शोभायात्रा धूमधाम से निकाली गई। यह शोभायात्रा रामलीला मैदान से शुरू होकर शहर के विभिन्न मार्गों से गुजरी, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। शोभायात्रा रामलीला मैदान से प्रारंभ होकर मेजर चौराहा, पुराना चौक, बड़ा पुल, टेढ़ीबाजार, गर्ल्स इंटर कॉलेज चौराहा, बर्तन बाजार चौक, वीर विनय चौराहा और अंबेडकर चौराहे से होती हुई पुनः रामलीला मैदान पहुंची। पूरे मार्ग पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर झांकी का स्वागत किया। ढोल-नगाड़ों और भजन-कीर्तन की धुन पर भक्त झूमते नजर आए। रंग और गुलाल से सराबोर श्रद्धालुओं ने एक-दूसरे को होली की शुभकामनाएं दीं। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। शोभायात्रा के दौरान नगर कोतवाल मनोज कुमार सिंह, पूरब टोला चौकी प्रभारी संतोष शर्मा, चौकी प्रभारी रमन वर्मा सहित भारी पुलिस बल तैनात रहा, जिससे कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। रामलीला मैदान में आरती और प्रसाद वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। इस अवसर पर वरिष्ठ अधिवक्ता राज कुमार लाल श्रीवास्तव,संजय शर्मा, तुलशीष दुबे सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।