बलरामपुर में रोड दुर्घटना में दो चचेरे भाइयों की मौत:श्रावस्ती से लौटते समय बलरामपुर-बहराइच हाईवे पर हादसा, पुलिस जांच में जुटी

बलरामपुर-बहराइच राष्ट्रीय राजमार्ग पर घुघुलपुर गांव के पास सड़क हादसे में दो चचेरे भाइयों की मौत हो गई। तेज रफ्तार डीसीएम ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। मृतकों की पहचान नगर क्षेत्र के भीखमपुर निवासी शादाब (25) और एहतेशाम (20) के रूप में हुई है। हादसे के बाद डीसीएम चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने डीसीएम को कब्जे में ले लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, शादाब और एहतेशाम शनिवार को श्रावस्ती के बौद्ध तीर्थ स्थल घूमने गए थे। वे लौटते समय हादसे का शिकार हो गए। ग्राम प्रधान शफीक ने बताया कि दोनों चचेरे भाई हैदराबाद में एक निजी कंपनी में नौकरी करते थे और अविवाहित थे। उन्होंने 7 जनवरी को हैदराबाद लौटने के लिए टिकट भी ले रखा था। कोतवाली देहात के प्रभारी निरीक्षक गिरजेश तिवारी ने रविवार शाम बताया कि दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस ने डीसीएम जब्त कर लिया है और घटना की गहन जांच की जा रही है। दोषी के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।