बलिया में जिला विकास समन्वय और निगरानी समिति (दिशा) की बैठक शुक्रवार को विकास भवन सभागार में आयोजित हुई। इसकी अध्यक्षता सलेमपुर के सांसद रमाशंकर राजभर ने की। जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने सांसद, परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह और अन्य जनप्रतिनिधियों का सम्मान किया। बैठक में 58 बिंदुओं पर विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए। प्रधानमंत्री सड़क योजना के तहत एनएच-31 से टुटवारी, बघौना और दुलारपुर गांव को जाने वाली जर्जर सड़क की तत्काल मरम्मत के निर्देश पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता को दिए गए। दयाछपरा चट्टी से भुवालछपरा होते हुए नौरंगा तक सड़क निर्माण का प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजने को कहा गया। एनएच-31 पर लगने वाले जाम की समस्या के समाधान के लिए भी संबंधित विभाग को निर्देशित किया गया। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत सिकंदरपुर तहसील के ग्राम मालदा तक जाने वाली सड़क की मरम्मत के निर्देश भी दिए गए। इसके अतिरिक्त, सिकंदरपुर मंडी की खराब सड़क की मरम्मत कराने और बैरिया में निर्मित मंडी का उद्घाटन कराने के निर्देश दिए गए। महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) के कार्यों की समीक्षा करते हुए मुख्य विकास अधिकारी को जांच कराने के निर्देश दिए गए। महिला स्वयं सहायता समूहों के तहत सभी ब्लॉकों में कार्यक्रम आयोजित कराने और उनकी सूची बलिया एनआईसी पोर्टल पर अपलोड करने को कहा गया। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत बाढ़ प्रभावित गांवों का सर्वे कर पात्र व्यक्तियों को आवास उपलब्ध कराने की बात कही गई। बलिया में पूर्व से स्थापित दुग्ध उत्पादन इकाई को पुनः शुरू करने पर भी चर्चा हुई। बैठक में बताया गया कि मोथा तूफान से बैरिया क्षेत्र के किसानों की फसल को हुए नुकसान की भरपाई की राशि उनके खातों में भेज दी गई है। अटल शहरी परिवर्तन मिशन 2.0 के तहत बलिया शहर में प्रतिदिन लगभग 100 टन कचरा एकत्रित होने की समस्या पर भी चर्चा हुई, जिसके निस्तारण के लिए जमीन खरीदने या किराए पर लेने के विकल्प पर विचार किया गया। जिले में मेडिकल कॉलेज निर्माण को लेकर भी चर्चा हुई। जिला कारागार को तोड़कर नए निर्माण की योजना पर भी चर्चा हुई,जिसके लिए डीपीआर आने के बाद कार्य शुरू होगा।विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता को वर्ष2025के प्रस्तावित कार्यों की सूची जनप्रतिनिधियों को उपलब्ध कराने तथा सभी गांवों का डीपीआर तैयार करने के निर्देश दिए गए। जनपद बलिया से लखनऊ जाने वाली बसों की संख्या बढ़ाने का मुद्दा भी उठा।शहर में जाम की समस्या को देखते हुए शहर के बाहर बाईपास बनाने का सुझाव दिया गया,जो रसड़ा,बक्सर और गड़वार मार्गों को जोड़ सके। इस पर जिलाधिकारी ने बताया कि इसके लिए शासन को प्रस्ताव भेज दिया गया है। बैठक में सांसद सनातन पांडेय,एमएलसी रविशंकर सिंह,विधायक संग्राम सिंह यादव,जय प्रकाश अंचल, मोहम्मद जियाउद्दीन रिजवी,हंसू राम,एसपी ओमवीर सिंह, सीडीओ ओजस्वी राज आदि रहे।