बस्ती में शादी कार्ड बांटकर लौट रहे युवक की मौत:गायघाट के पास चार पहिया वाहन की टक्कर से हादसा, जांच में जुटी पुलिस

बस्ती जिले में गायघाट के पास एक सड़क हादसे में मोटरसाइकिल सवार एक युवक की मौके पर मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। यह हादसा तब हुआ जब दोनों युवक शादी के कार्ड बांटकर लौट रहे थे। मृतक की पहचान बस्ती के नगर थाना क्षेत्र स्थित खाई नारा निवासी रम्पी सिंह (महंत सिंह) के रूप में हुई है। घायल युवक का नाम विपिन सिंह पुत्र प्रेमनाथ है, जो दुबौलिया थाना क्षेत्र के डीगरापुर का निवासी है। दोनों हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल पर सवार थे। जानकारी के अनुसार, रम्पी सिंह और विपिन सिंह गायघाट से कलवारी की ओर जा रहे थे, तभी बनरा चौकी, गायघाट के पास उनकी मोटरसाइकिल एक चार पहिया वाहन (UP 51 AF) से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि रम्पी सिंह की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। विपिन सिंह को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया है। हादसे के बाद चार पहिया वाहन का चालक गाड़ी छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को सड़क से हटा दिया है और मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है। मौके पर शांति व्यवस्था सामान्य बनी हुई है।