बस्ती जनपद के परशुरामपुर थाने में तैनात तीन दिन से लापता एसएसआई अजय कुमार गौड़ का शव अयोध्या में सरयू नदी से बरामद हुआ है। कोतवाली अयोध्या क्षेत्र के तिहुरा माझा इलाके में ग्रामीणों ने छह बजे शाम को नदी के बीचों-बीच शव दिखाई देने की सूचना दी। अयोध्या जल पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को बाहर निकाला। उनकी पहचान देवरिया निवासी अजय कुमार गौड़ के रूप में हुई है। एसएसआई की मोटरसाइकिल बस्ती के सदर सर्किल क्षेत्र के अमहट घाट पर खड़ी मिली थी। इसके बाद से तलाशी अभियान उसी इलाके के आसपास केंद्रित रहा। शनिवार से गोताखोरों की मदद से कुआनो नदी में सघन खोजबीन की जा रही थी। कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लगा। सरयू से शव मिलने के बाद दोनों जिलों की पुलिस के मौके पर है। पंचनामा की कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज जा रहा है। प्रारंभिक स्तर पर मौत के कारणों को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। पुलिस लापता होने से लेकर शव मिलने तक की परिस्थितियों, मोबाइल लोकेशन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की जांच कर रही है।