भरतपुर में स्लीपर बस और ट्रेलर की भीषण टक्कर में मां-बेटे समेत 4 यात्रियों की मौत हो गई। 5 यात्री घायल हो गए। बस कासगंज (उत्तर प्रदेश) से जयपुर जा रही थी। इस दौरान सेवर पुल पर खड़े ट्रेलर में घुस गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस के परखच्चे उड़ गए। बस में फंसे यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। एक्सीडेंट सेवर थाना इलाके में आगरा-जयपुर नेशनल हाईवे पर बुधवार देर रात करीब 2:30 बजे हुआ। सेवर थाना के SI अवधेश ने बताया- सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला गया। चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। घायलों को तुरंत आरबीएम अस्पताल में भर्ती करवाया गया। शव मॉर्च्युरी में रखवाए गए। देखिए, हादसे से जुड़ी PHOTOS… मां-बेटे की मौत, चकनाचूर हुई बस
हादसे में सतोवा, मथुरा (यूपी निवासी) गीता (38) पत्नी रामवीर और उनके बेटे कान्हा (8) की मौत हो गई। ड्राइवर मुक्खन सिंह (28) पुत्र खेम सिंह निवासी कठूमर (अलवर) और मुस्लिम (40) पुत्र इस्माइल निवासी कासगंज की भी जान चली गई। चकनाचूर हुई बस में शव फंस गए थे, जिन्हें मशक्कत के बाद निकाला गया। पत्नी-बेटे के साथ भगवान की पोशाक सप्लाई करने जा रहे थे
बस में सवार सतोवा निवासी रामवीर पत्नी गीता और बेटे कान्हा के साथ पोशाक सप्लाई करने जयपुर रहे थे। रामवीर भगवान की मूर्तियों के लिए कागज की पगड़ियां बनाते हैं। इस बार वे पत्नी और बेटे को भी साथ लेकर आए थे। हादसे में रामवीर की पत्नी और बेटे की मौत हो गई। रामवीर खुद गंभीर रूप से घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शी बोला- कोहरे के कारण ड्राइवर को ट्रक नहीं दिखा
प्रत्यक्षदर्शी राजेश ने बताया- रात में कोहरा था। सड़क पर एक ट्रेलर खराब होकर खड़ा था, लेकिन उसके पीछे कोई बैरिकेड या चेतावनी संकेत नहीं लगाए गए थे। कोहरे के कारण बस ड्राइवर को ट्रेलर नहीं दिखा और बस उस में घुस गई।