बहू घर के बाहर बैठी…अंदर से ताला लगाए है सास:झांसी में बहू बोली- पति का अफेयर है, सास बोली- बहू प्रेमी से बेटे को मरवा देगी

झांसी में बुधवार शाम को एक महिला अपने ससुराल के बाहर धरने पर बैठ गई। वो ससुराल में रहने आई थी, मगर सास ने घर के अंदर से ताला लगा दिया। बहू 3 महीने की बेटी को भी गोद में लिए है और ससुराल में रहने की जिद पर अड़ी है। उसका आरोप है कि पति का किसी और से अफेयर है। वो छोड़कर दूसरी शादी करना चाहता है। इसमें ससुराल वाले भी शामिल हैं। वहीं, सास का आरोप है कि बहू किसी से बात करती है। एक दिन बेटे ने मैसेज पढ लिया। जिसमें लिखा था कि तुम कहो तो पति को गोली मार देंगे। ऐसी बहू को हम नहीं रखेंगे और न ही ताला खोलेंगे। बहू ने पुलिस को फोन कर दिया। तब पुलिस मौके पर पहुंच गई, मगर सास ताला खोलने को तैयार नहीं है। पूरा मामला नवाबाद थाना क्षेत्र के नारायण बाग के पास राय विहार कॉलोनी का है। अब पूरा मामला विस्तार से पढ़िए एक साल पहले हुई थी शादी हंसारी निवासी वर्षा राय (30) ने बताया- 24 नवंबर 2024 को मेरी शादी राय विहार कॉलोनी निवासी रवि राय से हुई थी। मेरी 3 महीने की एक बेटी है। शादी के बाद मुझे एक युवती का कॉल आया और बताया कि वह रवि की पहली पत्नी है। तब सब लोगों ने गलती मानी तो मैंने कुछ नहीं कहा। आरोप है कि पति के अब किसी और से अफेयर है और वो उसी से शादी करना चाहता है। घरवाले भी उसी का साथ दे रहे हैं। मेरी बेटी हुई तो कहने लगे कि हमको बेटा चाहिए था। प्रताड़ित किया जाने लगा। लगभग डेढ़ माह पहले मैं मायके गई थी। इसके बाद पति लेने नहीं आया और उसने फोन उठाना बंद कर दिया। समझौता के बाद भाग गया पति वर्षा ने आगे बताया- जब कोई लेने नहीं आया तो सोमवार को मैं खुद ही ससुराल आ गई। आरोप है कि सभी ने मिलकर मुझे निकाल दिया। तब विश्वविद्यालय चौकी में शिकायत दी। बुधवार को पुलिस ने दोनों पक्षों को चौकी बुलाया था। वहां समझौता हुआ कि पति किराए से कमरा लेगा और हम दोनों साथ रहेंगे। चौकी से शाम को सामान उठाने के लिए घर आए तो पति छोड़कर भाग गया। यहां सास ने अंदर से ताला डाल दिया और घर में घुसने नहीं दे रही है। ऐसे में अपनी 3 महीने की बेटी को लेकर घर के बाहर धरने पर बैठी हूं। मुझे इसी घर में रहना है। बहू का किसी और से अफेयर वर्षा की सास राजकुमारी का आरोप है कि जब से शादी हुई, बहू ससुराल में नहीं रहती। 8 दिन रहकर मायके भाग जाती है। उसका किसी और से अफेयर है। एक दिन बेटे ने उसका मैसेज पढ़ लिया। जिसमें लिखा था कि तुम कहो तो पति को गोली मारने के लिए को भी तैयार हूं। तब वर्षा के घरवालों से शिकायत की और बुलाया। मगर कोई नहीं आया। मेरे बेटे की पहली शादी है। इसके अलावा कोई शादी नहीं हुई। ये झूठे आरोप लगा रही है। मैं बहू और बेटे को थाने में छोड़कर आई थी। तब बहू जाने वो कहां गया। मुझे जानकारी नहीं है। बेटा अलग किराए के मकान में बहू को रखने को तैयार है, मगर इसके लिए बहू तैयार नहीं है। बेटा आ जाए तो गेट खोल देंगे। नहीं तो गुरुवार सुबह थाने जाएंगे कि ये मुझे परेशान कर रही है। बहू शिकायत देने को तैयार नहीं विश्वविद्यालय चौकी प्रभारी निखिल का कहना है कि चौकी में वर्षा और उसका पति कहकर आए थे कि दोनों अलग रहेंगे। मगर पति छोड़कर भाग गया। बहू से शिकायत देने के लिए कहा तो वो तैयार नहीं है। उसे समझाया जा रहा है। नियमानुसार जो भी होगा, कार्रवाई की जाएगी।