बांदा जिले के अतर्रा कस्बे में एक 15 वर्षीय किशोरी ने दो युवकों और एक किशोर पर सामूहिक दुष्कर्म का आरोप लगाया है। किशोरी का आरोप है कि उसे नशीला पदार्थ सुंघाकर एक होटल ले जाया गया, जहां उसके साथ यह वारदात हुई। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ एससी/एसटी एक्ट और सामूहिक दुष्कर्म की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि वह अपनी सहेली के साथ बांदा रोड स्थित टीचर्स कॉलोनी के पास एक मेडिकल स्टोर पर दवा लेने गई थी। दवा लेने के बाद उसकी सहेली घर लौट गई, जबकि पीड़िता चाट खाने के लिए पास की एक ठेलिया पर रुक गई। इसी दौरान बाइक पर आए आरोपियों ने किशोरी को नशीला पदार्थ सुंघा दिया। अर्धबेहोशी की हालत में उसे बाइक पर बिठाकर रात में कस्बे के स्टेशन रोड स्थित एक होटल ले जाया गया। होटल में गिरवा के ग्राम सहेवा निवासी 18 वर्षीय महेश कुशवाहा, 19 वर्षीय शक्ति सिंह और एक 15 वर्षीय किशोर ने मिलकर किशोरी के साथ कथित तौर पर सामूहिक दुष्कर्म किया। किशोरी ने जब विरोध किया तो आरोपियों ने उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट भी की। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी किशोरी को बदहवास हालत में कस्बे के केन नहर पुल के पास छोड़कर फरार हो गए। किशोरी किसी तरह अपने घर पहुंची और परिजनों को आपबीती सुनाई। इसके बाद पिता किशोरी को लेकर थाने पहुंचे और पुलिस को तहरीर देकर मामला दर्ज कराया। डीएसपी प्रवीण कुमार ने बताया कि अतर्रा थाने को सूचना मिली थी कि लगभग 16 वर्षीय एक बालिका को तीन युवक बाइक पर ले जाकर गलत काम किए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने तीनों युवकों की तलाश कर उन्हें हिरासत में ले लिया। प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि मुख्य आरोपी और बालिका पहले से एक-दूसरे को जानते थे। पुलिस ने प्राप्त तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर पीड़िता का मेडिकल परीक्षण और अन्य विधिक कार्यवाही की है। पुलिस ने आरोपी शक्ति सिंह और नीरज को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि तीसरे नाबालिग आरोपी को अभिरक्षा में लेकर आगे की कार्यवाही की जा रही है।