बांदा कोतवाली नगर पुलिस ने चेन स्नेचिंग और टप्पेबाजी की घटनाओं को अंजाम देने वाले गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से चोरी का माल, अवैध तमंचा, कारतूस और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है। मामले की कार्रवाई तब शुरू हुई जब 26 फरवरी 2026 को पल्हरी निवासी सोमदत्त ने पुलिस को सूचना दी कि 11 फरवरी 2026 को दो अज्ञात व्यक्तियों ने उनकी पत्नी के गले से मंगलसूत्र छीन लिया था। इसी तरह 9 मार्च 2026 को कोतवाली नगर क्षेत्र की निवासी हासिना ने शिकायत दर्ज कराई कि 8 मार्च को तीन अज्ञात बदमाशों ने उनके गले से मंगलसूत्र छीनकर मोटरसाइकिल से फरार हो गए थे। इन घटनाओं के बाद पुलिस ने थाना कोतवाली नगर में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमों का गठन किया। जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज का अवलोकन किया और मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए आरटीओ चौराहा के पास से चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने भीड़-भाड़ वाले इलाकों में चोरी, टप्पेबाजी और चेन स्नेचिंग जैसी घटनाओं को अंजाम देने की बात स्वीकार की है। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि इस गिरोह में और कितने लोग शामिल हैं तथा आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 4.150 ग्राम पीली धातु (टंच माल), एक लॉकेट, तीन गुरिया (पीली धातु), 34 हजार रुपये नकद, एक अवैध तमंचा 315 बोर, एक जिंदा कारतूस 315 बोर और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रेहान पुत्र आबिद (निवासी अतर्रा चुंगी), विपिन पुत्र लखनलाल (निवासी मर्दन नाका), जैद पुत्र नसीब (निवासी खुटला रोहणिया मस्जिद) और मोहम्मद सैफ पुत्र मोहम्मद नसरत (निवासी मुचियाना) के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।