बांदा पुलिस ने दहेज हत्या के एक मामले में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने कथित मृतका को महाराष्ट्र से सकुशल बरामद कर लिया है। इस मामले का अनावरण पुलिस अधीक्षक बांदा पलाश बंसल के निर्देशन में थाना मरका और एसओजी की संयुक्त टीम ने किया। यह मामला बिंद प्रसाद द्वारा माननीय न्यायालय में दायर अपील के बाद दर्ज किया गया था। न्यायालय के आदेश पर 2 सितंबर 2025 को मरका थाने में मु0अ0सं0 145/2025 धारा 498A/304B भादवि व 3/4 दहेज प्रतिषेध अधिनियम के तहत एफआईआर दर्ज की गई थी। जांच में हुआ खुलासा बिंद प्रसाद ने अपनी शिकायत में कहा था कि उनकी बेटी रागिनी को ससुराल वाले 5 लाख रुपए नकद और सोने की चेन के लिए प्रताड़ित करते थे। उन्होंने आरोप लगाया था कि दो साल पहले उसकी हत्या कर कहीं फेंक दिया गया था। इस मामले की विवेचना क्षेत्राधिकारी बबेरू सौरभ सिंह द्वारा की जा रही थी। त्वरित और प्रभावी विवेचना के परिणामस्वरूप इस अभियोग का सफल अनावरण संभव हो सका। विवेचना के दौरान ज्ञात हुआ कि रागिनी की शादी 23 फरवरी 2023 को अतर्रा थाना क्षेत्र के जयरामबारी निवासी अखिलेश कुमार से हुई थी। बरामद महिला ने पूछताछ में बताया कि वह अक्टूबर 2023 में महाराष्ट्र चली गई थी और तब से वहीं रह रही थी। पुलिस ने कथित मृतका को सकुशल बरामद कर लिया है और अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है।