बांदा में भेड़ियों के झुंड ने 20 भेड़ें मारीं:20 अन्य घायल, पशु चिकित्सा टीम ने किया इलाज

बांदा जिले के चिल्ला थाना क्षेत्र के लौमर गांव के मजरा सादीपुर में भेड़ियों के झुंड ने हमला कर 20 भेड़ों को मार डाला। इस घटना में 20 अन्य भेड़ें गंभीर रूप से घायल हो गईं। यह वारदात सादीपुर निवासी रामसजीवन पाल के पशुबाड़े में बुधवार देर रात हुई। गुरुवार सुबह जब रामसजीवन पाल अपने पशुबाड़े पहुंचे, तो उन्होंने अधमरी और मृत भेड़ों को देखकर स्थिति का पता चला। रामसजीवन पाल पशुपालन कर अपना जीवन यापन करते हैं। उन्होंने बताया कि उन्होंने अपनी सभी भेड़ों और बकरियों को रोज की तरह पशुबाड़े में सुरक्षित रखा था। देर रात भेड़ियों के झुंड ने पशुबाड़े में मौजूद कुल 40 भेड़ों पर हमला किया। इस हमले में 20 भेड़ों की मौत हो गई, जबकि 20 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गईं। पीड़ित रामसजीवन ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलने पर चिल्ला थानाध्यक्ष अनूप सिंह ने मौके का मुआयना किया। थानाध्यक्ष ने बताया कि भेड़ियों के पैरों के निशान से यह अनुमान लगाया जा रहा है कि एक भेड़िया इतनी बड़ी संख्या में भेड़ों को नहीं मार सकता। यह हमला भेड़ियों के एक झुंड द्वारा एक साथ किया गया था। घटना के बाद पशु स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची और घायल भेड़ों का इलाज किया। मृत भेड़ों का पोस्टमॉर्टम भी कराया गया है।