होली के अवसर पर उत्तर प्रदेश के बांदा में एक कुल्फी विक्रेता के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। शहर के व्यस्त रोडवेज बस स्टैंड के सामने कुछ हुड़दंगियों ने शराब के नशे में एक कुल्फी वाले को बेरहमी से पीटा। इस घटना का वीडियो सामने आया है। यह घटना उस समय हुई जब कुल्फी विक्रेता अपनी रोजी-रोटी कमाने के लिए वहां से गुजर रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शराब के नशे में धुत लड़कों ने करीब आधे घंटे तक कुल्फी वाले के साथ मारपीट की। इस दौरान सड़क पर काफी देर तक हंगामा चलता रहा। हैरानी की बात यह है कि जिस इलाके में पुलिस की मौजूदगी हमेशा रहती है, वहां इस घटना के दौरान एक भी पुलिसकर्मी नजर नहीं आया। पुलिस के चप्पे-चप्पे पर तैनाती के दावों के बावजूद, राहगीर सहमे रहे और हुड़दंगियों ने सरेराह कानून की धज्जियां उड़ाईं। घटना का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया है। पुलिस अधीक्षक ने वीडियो के आधार पर जांच के आदेश दिए हैं।