लखनऊ के शहीद पथ स्थित बाघामऊ गांव के पास मंगलवार सुबह तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से एक बुजुर्ग किसान की मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने बाइक सवार युवक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने घायल किसान को अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बाघामऊ गांव निवासी हरि प्रसाद (75) किसान थे। मृतक के भाई पिंटू ने बताया कि हरि प्रसाद रोज की तरह मंगलवार सुबह घर से टहलने निकले थे। शालीमार वन वर्ल्ड अपार्टमेंट के पास सड़क पार करते समय तेज रफ्तार बाइक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि हरि प्रसाद सिर के बल सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद बाइक सवार भी संतुलन खो बैठा और कच्ची सड़क पर जा गिरा। घटना देख आसपास मौजूद राहगीरों ने बाइक सवार को पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल किसान को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने बाइक सवार युवक को हिरासत में ले लिया है और उसकी बाइक को थाने में खड़ी कर दी गई है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।