बाइक की टक्कर से बुजुर्ग की मौत:देवरिया में आरोपी शव फेंककर मौके से फरार हुए

देवरिया जिले के भाटपार रानी थाना क्षेत्र में एक सड़क हादसे में 70 वर्षीय वृद्ध परमा ठाकुर की मौत हो गई। आरोप है कि बाइक की टक्कर से घायल होने के बाद उन्हें निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां मृत घोषित किए जाने के बाद कुछ लोगों ने उनके शव को दूसरे स्थान पर फेंक दिया और मौके से फरार हो गए। यह घटना बुधवार शाम की है, जब पडरी ओमन गांव निवासी परमा ठाकुर पैदल जा रहे थे। इसी दौरान एक तेज रफ्तार बाइक ने उन्हें टक्कर मार दी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें तत्काल एक निजी अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। परिजनों का आरोप है कि अस्पताल से लौटने के बाद कुछ अज्ञात लोगों ने परमा ठाकुर के शव को खोरहवा गांव के पास सड़क किनारे फेंक दिया और मौके से फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलने पर परिवार के सदस्य मौके पर पहुंचे और इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और टक्कर मारने वाले बाइक सवार की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। इस घटना से मृतक के परिवार में शोक का माहौल है। ग्रामीणों ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। भाटपार रानी के थानेदार अभिषेक राय ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विस्तृत जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।