फिरोजाबाद में पुलिस मुठभेड़ के बाद बाइक लूट के एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। मुठभेड़ के दौरान आरोपी के पैर में गोली लगी, जिससे वह घायल हो गया। उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपी के पास से लूटी गई मोटरसाइकिल, एक तमंचा और कारतूस बरामद किए हैं। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित के निर्देश पर वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई। अपर पुलिस अधीक्षक नगर के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी टूंडला के पर्यवेक्षण में थाना नारखी पुलिस और एसओजी टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि लूट की घटना में शामिल एक संदिग्ध व्यक्ति बाइक से बैंदी की पुलिया की ओर आ रहा है। मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने बैंदी की पुलिया के पास सघन चेकिंग शुरू की। इसी दौरान एक संदिग्ध युवक को आते देख पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया। आरोप है कि युवक ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लग गई और वह घायल होकर गिर पड़ा। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम सौरभ सिंह पुत्र उदल सिंह निवासी नगऊ, थाना टूंडला, फिरोजाबाद बताया। पुलिस ने उसके कब्जे से लूटी गई हीरो स्पलेंडर मोटरसाइकिल (UP 83 BC 6554), एक 315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी सौरभ सिंह ने 24 फरवरी 2026 को कपावली चौराहा पर बाइक लूट की घटना को अंजाम दिया था। इस संबंध में थाना नारखी में मुकदमा दर्ज किया गया था। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर दो टीमों का गठन किया गया था। पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। उसकी गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर थाना नारखी में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।