बाइक सांड से टकराई, युवक की मौके पर मौत:फिरोजाबाद के नारखी क्षेत्र में हुआ हादसा, पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा

फिरोजाबाद के नारखी क्षेत्र में शुक्रवार देर रात एक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर मौत हो गई। युवक की बाइक अचानक सड़क पर आए एक सांड से टकरा गई थी। मृतक की पहचान फरीदाबाद के संजय कॉलोनी निवासी राकेश पुत्र लक्ष्मण के रूप में हुई है। वह शिकोहाबाद में अपनी रिश्तेदारी से फरीदाबाद स्थित अपने घर लौट रहा था। यह हादसा नारखी क्षेत्र के बेंदी पुल के पास हुआ। तेज रफ्तार बाइक सांड से टकराने के बाद राकेश उछलकर दूर जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची नारखी पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। थाना अध्यक्ष राकेश गिरी ने बताया कि मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है और आगे की कानूनी कार्यवाही की जा रही है।