बागपत के बड़ौत तहसील में तैनात लेखपाल की मौत:चंडीगढ़ में मैच देखने के बाद रात में बिगड़ी थी तबीयत

बागपत में चांदीनगर थाना क्षेत्र के मंसुरपुर गांव निवासी लेखपाल पूजा की चंडीगढ़ में मौत हो गई। शनिवार शाम को परिजन उनका शव गांव लेकर पहुंचे। जहां अंतिम संस्कार किया गया। पूजा बड़ौत तहसील में लेखपाल के पद पर तैनात थीं। वह 10 दिसंबर को क्रिकेट मैच देखने के लिए चंडीगढ़ गई थीं। वहां अपनी सहेली सृष्टि के कमरे पर रुकी हुई थीं। सृष्टि चंडीगढ़ पुलिस में तैनात हैं। मैच देखने के बाद रात में अचानक पूजा की तबीयत बिगड़ गई। सहेली सृष्टि उन्हें तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचीं। जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिजन चंडीगढ़ पहुंचकर शव को अपने साथ गांव लाए। पोस्टमॉर्टम की कार्रवाई के बाद शनिवार शाम को गांव में उनका अंतिम संस्कार किया गया। ग्रामीणों के अनुसार, पूजा परिवार में दो बहनें और एक भाई हैं। वह एक होनहार और मेहनती युवती थीं, जिन्होंने कड़ी मेहनत और लगन से लेखपाल का पद प्राप्त किया था। उनका सपना था कि आगे की पढ़ाई कर उच्च पदों पर सफलता हासिल करें। स्थानीय लोग और ग्रामीण पीड़ित परिवार को सांत्वना दे रहे हैं और इस दुखद घटना पर गहरा शोक व्यक्त कर रहे हैं।