बागपत में बाइक सवार दो बदमाशों ने शनिवार को आतंक मचा दिया। 10 किलोमीटर के दायरे में ढाई घंटे के अंदर दो भाइयों समेत 4 को गोली मार दी। सॉफ्टवेयर इंजीनियर और कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष के भतीजे की मौत हो गई। दो युवकों का गंभीर हालात में मेरठ में इलाज चल रहा है। पुलिस ने 19 घंटे में दोनों बदमाशों के पैर में गोली मारकर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ में एक पुलिस का जवान भी घायल हुआ है। दैनिक भास्कर की टीम सॉफ्टवेयर इंजीनियर के घर पहुंची। पुलिस से बात की और पूरा मामला समझा। पढ़िए दो सनकी युवक, जिन्होंने एक से बदला लेने के चक्कर में दो हत्याएं कीं और 3 को घायल कर दिया। इस सनसनीखेज वारदात की कहानी 3 महीने पहले शुरू होती है। हापुड़ के निवाड़ा–नौरोजपुर मार्ग पर गांव है निबाली। गांव से खेकड़ा बारात गई थी। गांव के शेखर शर्मा उर्फ चिंटू (22) की 3 महीने अपने ही कुनबे के चचेरे भाई आर्यन शर्मा और गांव के आदिल से डीजे पर डांस को लेकर विवाद हो गया। इस पर शेखर ने दोनों की पिटाई कर दी। शेखर कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष योगेश शर्मा के ममेरे भाई के बेटे थे। पुलिस के मुताबिक, उस समय आर्यन और आदिल चुप हो गए, लेकिन दोनों बेइज्जती का बदला लेने की तैयारी में थे। शनिवार रात दोनों ने शराब पी और शेखर को मारने निकले। दोनों ने तय कर लिया था, जो भी रास्ते में आएगा, उसे मार देंगे। उन्होंने पहली वारदात शनिवार रात साढ़े नौ बजे की। दोनों ने वारदात मीतली-बसाैद मार्ग पर अंजाम दिया। बुढेड़ा गांव निवासी विशेष लोक अभियोजक इंद्रपाल गुर्जर के छोटे भाई अधिवक्ता रविंद्र और चचेरे भाई प्रवेश शनिवार देर रात पाबला गांव में भात नौतने की रस्म के बाद बाइक से वापस लौट रहे थे। इन दोनों ने रविंद्र के बगल से बाइक आगे निकाली। इस पर प्रवेश की दोनों की बहस हो गई। आर्यन ने चलती बाइक पर तमंचा निकालकर प्रवेश की कमर में गोली मार दी। प्रवेश को गोली लगने पर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से उसे देर रात मेरठ के लिए रेफर कर दिया गया। पांच घंटे चले ऑपरेशन में डॉक्टरों ने गोली निकाल ली और 72 घंटे के लिए प्रवेश को वेंटिलेटर पर शिफ्ट किया। जहां प्रवेश की हालत चिंताजनक बनी हुई है। यहां से दोनों कुछ दूर आगे अंडे की दुकान पर पहुंचे। टटीरी के आंबेडकरनगर में रिश्तेदारी में आए प्रशांत निवासी गलीरा, जिला सहारनपुर अंडे की दुकान पर आमलेट खा रहे थे। दोनों का किसी बात पर विवाद हो गया। आर्यन ने प्रशांत को गाली दे दी। इस पर प्रशांत ने आर्यन को थप्पड़ मार दिया। आर्यन ने तमंचा निकालकर प्रशांत पर तानते हुए गोली चला दी। बचाव में प्रशांत ने अपना हाथ आगे किया तो गोली उसके हाथ में लग गई। प्रशांत को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के बाद मेरठ रेफर कर दिया। हेलमेट निकलवा कर पहचान की, फिर मारी गोली
प्रवेश और प्रशांत को गोली मारने के बाद दोनों निवाड़ा-नौरोजपुर मार्ग पर शेखर का इंतजार करने लगे। कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष योगेश शर्मा के ममेरे भाई पवन निवासी निबाली के बेटे शेखर शर्मा कुंडली की कंपनी में सुपरवाइजर थे, जो रोजाना रात में दस से 12 बजे तक घर आ जाते थे। इसलिए ही निवाड़ा-नौरोजपुर गुर्जर मार्ग पर आरोपी काफी पहले पहुंच गए। वहां इंतजार करने के बाद बाइक आई तो उसे रोककर हेलमेट उतरवाया। हेलमेट उतरने पर शेखर की पहचान हो गई और आर्यन ने तमंचा निकालकर शेखर के सीने में गोली मार दी। दैनिक भास्कर की टीम जब शेखर शर्मा के घर पहुंची। परिवार में मातम फैला हुआ था। पड़ाेस में ही आर्यन शर्मा का घर है। वह उन्हीं के कुनबे का है। डर कर गांव के लोग कुछ भी कहने से बचते रहे। शेखर शर्मा के पिता पवन ने बताया कि शेखर उनके परिवार का होनहार बेटा था, जिसकी मौत से परिवार टूट गया है। अब पढ़िए सॉफ्टवेयर इंजीनियर का मर्डर परिवार को लगा लूट के लिए मार दिया, पिता बोले– फांसी हो
बागपत शहर कोतवाली क्षेत्र में गुफा मंदिर के पास दिल्ली हाईवे के लधवाड़ी मोड़ पर रविवार सुबह एक शव मिला। आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने पर्स में मिले डॉक्यूमेंट से शव की पहचान सॉफ्टवेयर इंजीनियर अनुज नैन (35) निवासी निरौजपुर गांव के रूप में की। परिवार को सूचना दी गई। परिवार रात से ही परेशान था, क्योंकि अनुज 12 बजे तक लौट आते थे। पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच में चेहरे और हाथ पर चोट लगने के निशान मिले। इससे लगा कि हादसे में मौत है। परिवार ने बताया कि कार और लैपटॉप अनुज का गायब है। लूट में हत्या की गई है। बाद में कैमरे की फुटेज खंगाली और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से स्पष्ट हुआ कि उसको गर्दन पर गोली मारी गई है। दैनिक भास्कर रिपोर्टर जब अनुज के घर पहुंचे तो वहां आसपास और रिश्तेदारों परिवार को सांत्वना दे रहे थे। अनुज दो भाइयों में बड़े थे। अनुज की 10 साल पहले शादी हुई थी। उनका एक बेटा रूद्र (8) और बेटी (4) हैं। दोनों अपने दादा देवेंद्र सिंह के पास बैठे थे। देवेंद्र उनके सिर पर हाथ फेर रहे थे। परिवार के मुताबिक अनुज का 22 लाख रुपए का सलाना पैकेज था। अनुज के पिता देवेंद्र ने दैनिक भास्कर से कहा कि दोषियों को फांसी की सजा दी जाए। 15 घंटे के अंदर मुठभेड़, पैर में गोली लगी, सिपाही भी घायल इधर, एक ही रात में 10 किलोमीटर के एरिया में चार जगह चार लोगों को गोली मारने की घटना ने पुलिस को हिला कर रख दिया। एसपी सूरज कुमार राय ने 6 टीमें जांच के लिए बनाई। पुलिस को पहला सुराग सीसीटीवी से मिला। सीसीटीवी फुटेज से बाइक पर आदिल और आर्यन दिखे थे। कुछ देर बाद सॉफ्टवेयर इंजीनियर की कार भी दिखी। इधर, वकील ने भी पुलिस को दो बदमाशों के होने की बात कही। इसके बाद पुलिस दोनों के फुटेज शेखर के परिवार को दिखाया। जिन्होंने आर्यन और आदिल की पहचान कर ली। इसके बाद पुलिस ने सर्विलांस और सीसीटीवी फुटेज की मदद से दोनों की तलाश शुरू की। शहर के कोतवाली क्षेत्र में चेकिंग अभियान के दौरान बदमाशों की कार देखी गई। रोकने पर उन्होंने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। इसमें सिपाही रामकुमार घायल हो गए। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों के पैर में गोली लगी। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ में पुलिस का जवान रामकुमार भी घायल है, जिसका इलाज चल रहा है।
———————-
ये खबर भी पढ़ें…
2 करोड़ वाले तस्कर के घर में तहखाना-सुरंग:12 CCTV से निगरानी, प्रतापगढ़ में पत्नी-बेटी जाली से गांजे की पुड़िया देती थीं प्रतापगढ़ में जिस तस्कर के घर से 2 करोड़ रुपए से ज्यादा कैश मिला, उसने घर में ही सुरंग और तहखाना खुदवा रखा था। सुरंग उसके सामने वाले घर में जाकर निकलती थी। यही नहीं, उसने पूरे घर को किले जैसा बनवाया था। 12 से अधिक CCTV कैमरे लगवा रखे थे, जिससे हर आने-जाने वाले पर नजर रखता था।पूरी खबर पढ़ें…