बागपत की खेकड़ा कोतवाली पुलिस ने नलकूप उपकरण चोर गिरोह के तीन सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से 20 किलोग्राम तांबा, 50 किलोग्राम तांबे का तार, 25 किलोग्राम केबल और एक अवैध चाकू बरामद किया है। गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों की पहचान फिरोज पुत्र यामीन और आरिफ पुत्र बाबू (दोनों निवासी कस्बा खेकड़ा) तथा आफताब पुत्र असलम (गाजियाबाद) के रूप में हुई है। खेकड़ा क्षेत्र में लगातार नलकूपों से उपकरण चोरी होने की शिकायतें मिल रही थीं, जिसके बाद पुलिस इस मामले की जांच में जुटी थी। पुलिस ने खेकड़ा कस्बे के बड़ागांव रोड पर चेकिंग अभियान के दौरान तीनों अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। उनकी निशानदेही पर चोरी के उपकरण बरामद किए गए। खेकड़ा कोतवाली प्रभारी प्रभाकर केन्तुरा ने बताया कि चेकिंग अभियान के दौरान इन तीनों अभियुक्तों को पकड़ा गया है। उनके कब्जे से तांबा, केबल और एक अवैध चाकू मिला है। पुलिस फिलहाल पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है।