बागपत के खिंदोड़ा गांव में एक परिवार के कथित धर्म परिवर्तन का मामला सामने आया है। कुछ लोगों द्वारा एक परिवार को धर्म परिवर्तन के लिए प्रेरित किया जा रहा था, जिसका विरोध होने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने इस मामले में दो लोगों को हिरासत में लिया है और जांच शुरू कर दी है। यह घटना खिंदोड़ा गांव की है। जानकारी के अनुसार, एक कमरे में कुछ लोग बैठे थे और एक व्यक्ति उन्हें धर्म परिवर्तन के लिए समझा रहा था। इसी दौरान गांव के एक समाजसेवी ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस के आने की भनक लगते ही मौके से अन्य लोग फरार हो गए। पुलिस ने घटनास्थल पर जांच-पड़ताल की और दो संदिग्धों को हिरासत में लिया। पुलिस अब धर्म परिवर्तन के प्रयास में शामिल अन्य लोगों की तलाश कर रही है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं, शिकायतकर्ता समाजसेवी ने भी इस पूरे मामले में दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।