बागपत में एक युवक दूसरे व्यक्ति की कनपटी पर बंदूक रखकर धमकी भरे अंदाज में वोट मांगता दिखाई दे रहा है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए जांच शुरू कर दी है। वीडियो में युवक फिल्मी स्टाइल में कहता नजर आ रहा है, “मैं प्रधानी का चुनाव लड़ रहा हूं, वोट मुझे चाहिए… अगर वोट नहीं मिली तो दूसरी तरह से लेनी पड़ेगी।” हालांकि, यह वीडियो रील लाइफ से जुड़ा बताया जा रहा है। लेकिन इसमें खुलेआम हथियार का प्रदर्शन किया गया है। जो कानूनन अपराध की श्रेणी में आता है। इंस्टाग्राम पर लोकप्रियता का उद्देश्य जानकारी के अनुसार, यह वीडियो सचिन नामक युवक ने इंस्टाग्राम पर लोकप्रियता और लाइक-फॉलोअर्स बढ़ाने के उद्देश्य से बनाया था। युवक को उम्मीद थी कि यह रील वायरल होगी, लेकिन वीडियो के वायरल होते ही मामला पुलिस तक पहुंच गया। वीडियो वायरल होने के बाद एक सोशल मीडिया यूजर ने इसे ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर बागपत पुलिस को टैग करते हुए कार्रवाई की मांग की। इसके बाद पुलिस हरकत में आई और मामले की जांच शुरू की गई। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सार्वजनिक रूप से हथियार का प्रदर्शन करना और धमकी भरी भाषा का प्रयोग करना गंभीर अपराध है। मामले की जांच की जा रही है और दोषी पाए जाने पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। हालांकि प्रधानी चुनाव में अभी समय है, लेकिन इस तरह की धमकी भरी रील बनाना युवक को भारी पड़ सकता है। सोशल मीडिया पर अवैध हथियारों के प्रदर्शन को लेकर पुलिस सख्त रुख अपनाए हुए है और पूरे मामले की गहनता से जांच की जा रही है।