बाराबंकी जिले के कोठी थाना क्षेत्र में एक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। शिवालाकापुरवा गांव के पास एक तेज रफ्तार अज्ञात कार ने बाइक सवार दो युवकों को टक्कर मार दी। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। यह घटना शिवालाकापुरवा गांव में मंदिर के सामने हुई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और बाइक सवार युवक करीब 20 मीटर तक घिसटते चले गए। सड़क पर खून फैल गया और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। जानकारी के अनुसार, जैदपुर कस्बा निवासी शोएब पुत्र असगर अली और शाकिर कोठी से जैदपुर अपने घर जा रहे थे। हादसे में शोएब की मौके पर ही मौत हो गई। स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना परिजनों को दी। पुलिस बल मौके पर पहुंचा और एंबुलेंस से शोएब को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोठी ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेजने की तैयारी शुरू कर दी है। पुलिस अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश में जुट गई है। घटना की जानकारी मिलते ही जैदपुर कस्बे में शोक की लहर दौड़ गई है।