बाराबंकी में कार डिवाइडर से टकराई, पांच गंभीर घायल:महमूदाबाद-लखनऊ मार्ग पर हुआ सड़क हादसा

बाराबंकी के फतेहपुर क्षेत्र में शुक्रवार देर रात एक सड़क हादसा हुआ। महमूदाबाद–लखनऊ मार्ग पर रीवा सींवा के पास एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। इस दुर्घटना में कार सवार पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार डिवाइडर पर चढ़ गई और उसका अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। घायलों की पहचान इमरान पुत्र अहमद अली (निवासी रीवा सींवा), सचिन कुमार पुत्र सतीश चंद्र (निवासी ठाकुरगंज, लखनऊ), लक्ष्मण सिंह रावत पुत्र केदार सिंह (निवासी जानकीपुरम, लखनऊ), धीरेंद्र कुमार निगम और पद्मेश सिंह चंदेल पुत्र घनश्याम सिंह (निवासी लखनऊ) के रूप में हुई है। हादसे की सूचना मिलते ही बड्डूपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों के अनुसार, सभी घायलों की हालत स्थिर है, हालांकि कुछ को निगरानी में रखा गया है। दुर्घटना के कारण महमूदाबाद–लखनऊ मार्ग पर कुछ समय के लिए यातायात बाधित हुआ और लंबा जाम लग गया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को सड़क से हटाकर यातायात सुचारू कराया। पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।