बाराबंकी में कार ने बाइक को मारी टक्कर:एक ही परिवार के तीन सदस्य गंभीर घायल, अस्पताल में भर्ती

बाराबंकी जिले के मीरपुर में मंगलवार रात एक भीषण सड़क हादसा हुआ। तेज रफ्तार कार ने एक मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी, जिससे एक ही परिवार के तीन सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में 35 वर्षीय वेद प्रकाश, उनकी 60 वर्षीय मां कलावती और 33 वर्षीय पत्नी मीरा देवी शामिल हैं। ये सभी मीरपुर गांव स्थित ससुराल में एक कार्यक्रम से लौट रहे थे। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों सड़क पर गिर गए और उन्हें गंभीर चोटें आईं। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोग और वेद प्रकाश के ससुराल पक्ष के लोग तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। 108 एंबुलेंस की मदद से घायलों को फतेहपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां ईएमटी इम्तियाज और पायलट राजविंद ने सहयोग किया। प्राथमिक उपचार के बाद, चिकित्सकों ने तीनों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। डॉक्टरों के अनुसार, घायलों को सिर सहित शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। दुर्घटना में मोटरसाइकिल और कार दोनों बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। मौके पर मौजूद लोगों ने कार चालक को वाहन सहित पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। फतेहपुर की डायल 112 पुलिस टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने बताया कि तहरीर मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।