बाराबंकी शहर कोतवाली क्षेत्र के बडेल चौराहे के पास बुधवार शाम एक ट्रैक्टर-ट्रॉली और कार की भीषण टक्कर हो गई। इस हादसे में कार सवार गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट गई और कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली सामने से आ रही कार से टकरा गई। टक्कर के बाद घटनास्थल पर अफरातफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत घायल कार सवार को अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और पलटी हुई ट्रॉली को हटाकर सड़क साफ कराई, जिससे यातायात सामान्य हो सका। पुलिस ने ट्रैक्टर को अपने कब्जे में ले लिया है और फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है। शहर कोतवाली पुलिस के अनुसार, दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है।