बाराबंकी में 10 साल के मासूम पर ट्रैक्टर चढ़ा, मौत:घर के सामने खेल रहा था, इलाज के दौरान तोड़ा दम

बाराबंकी के सुबेहा थाना क्षेत्र के वनकोट गांव में सोमवार शाम एक सड़क हादसे में 10 वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। बच्चा अपने घर के सामने खेल रहा था, तभी एक ट्रैक्टर की चपेट में आ गया। वनकोट गांव निवासी जहीर अहमद के 10 वर्षीय बेटे मोहम्मद एहसान पर रास्ते से गुजर रहे एक ट्रैक्टर ने टक्कर मार दी। एहसान गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे तत्काल अमेठी जनपद के बीएचएल स्थित एक निजी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बताया जा रहा है कि हादसे में शामिल ट्रैक्टर ग्राम प्रधान राजन सिंह का है। घटना की सूचना मिलने पर सुबेहा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरा और पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। प्रभारी निरीक्षक यशकांत सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। उन्होंने कहा कि परिजनों की तहरीर मिलने के बाद आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।