बिकरु कांड की खुशी दुबे की मां का ऑपरेशन हुआ:सपा मुखिया अखिलेश यादव ने उठाया खर्च, बोली- ब्राह्मण बेटी की मदद के लिए धन्यवाद

कानपुर के बिकरू कांड के आरोपी विकास दुबे के पारिवारिक अमर दुबे की पत्नी खुशी दुबे की मां का आपरेशन हो गया। खुशी ने एक वीडिया जारी कर सपा प्रमुख अखिलेश यादव को धन्यवाद दिया। कहा- आपने एक ब्राह्मण बेटी की मदद की। इसके लिए हम जिंदगी भर आभारी रहेंगे। खुशी की मां गायत्री दुबे को करीब तीन साल पहले ब्रेन अटैक पड़ा था। इसके बाद डॉक्टरों ने उनको ऑपरेशन कराने की सलाह दी थी। कानपुर में जुलाई 2020 में हुए चौबेपुर के बिकरू कांड में खुशी दुबे को भी वारदात में शामिल होने के आरोप में करीब 2 साल तक जेल में रहना पड़ा था। बिकरु कांड की आरोपी है खुशी
कानपुर के चर्चित बिकरु कांड में विकास दुबे के सहयोगी अमर दुबे की पत्नी खुशी दुबे को भी आरोपी बनाए जाने के बाद करीब दो वर्ष तक जेल में रहना पड़ा था। इसी दौरान उनकी मां गायत्री की सेहत लगातार गिरती चली गई। आर्थिक रूप से कमजोर परिवार इलाज करा पाने में असमर्थ था। इस कारण ऑपरेशन नहीं हो पा रहा था। मदद के लिए किए कई प्रयास
मदद के लिए कई स्तरों पर प्रयास किए गए, लेकिन कहीं से कोई सहयोग नहीं मिला। आखिरकार खुशी दुबे ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से संपर्क किया। इसके बाद पार्टी के निर्देश पर लखनऊ के एक अस्पताल में शनिवार को उनकी मां का ऑपरेशन कराया गया। इलाज और दवाओं से जुड़ा पूरा खर्च सपा की ओर से वहन किया गया। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में खुशी दुबे ने बताया कि मां गायत्री की तबीयत बहुत खराब थी। डॉक्टरों ने ऑपरेशन को जरूरी बताया था, लेकिन संसाधनों की कमी आड़े आ रही थी। मैंने अपनी बात अखिलेश यादव तक पहुंचाई। इसके बाद लखनऊ निवासी पूजा शुक्ला ने उनकी मां का ऑपरेशन कराया। मां की हालत अब स्थिर है। वह जल्द घर लौट आएंगी।