बिजनौर के नगीना–धामपुर मार्ग पर टोल टैक्स से पहले मांझेड़ा चौकी के पास मंगलवार को एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर बिजली के पोल से जा टकराई। हादसा इतना भीषण था कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसके पुर्जे सड़क पर दूर-दूर तक बिखर गए। दुर्घटना में कार सवार दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को एंबुलेंस के जरिए नजदीकी अस्पताल भिजवाया गया, जहां चिकित्सकों ने दोनों युवकों को मृत घोषित कर दिया। सड़क हादसे में दो युवकों की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। देखिए, 3 तस्वीरें जानकारी के अनुसार, हादसा उस समय हुआ जब दोनों युवक कार से नगीना से अपने घर लौट रहे थे। जैसे ही तेज रफ्तार कार मांझेड़ा चौकी के पास पहुंची, चालक ने संतुलन खो दिया और कार सीधे पोल से टकरा गई। अनुमान लगाया जा रहा है कि कार की रफ्तार 100 किलोमीटर प्रति घंटे से अधिक थी। दुर्घटना के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। इस हादसे में मृतकों की पहचान कैफ पुत्र नफीस निवासी मोहल्ला खुराड़ा और फहीम (21 वर्ष) पुत्र शमीम, निवासी मोहल्ला खुराड़ा, थाना शेरकोट, जनपद बिजनौर के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों के अनुसार दोनों युवक अविवाहित थे। फहीम हार्डवेयर का काम करता था, जबकि कैफ अपने भाई के साथ घर पर ब्रश का कारोबार संभालता था। कैफ दो भाई और तीन बहनों में से एक था, जिनमें एक बहन की शादी हो चुकी है। दुर्घटना के बाद पूरे मोहल्ले में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल बिजनौर भेजा था, लेकिन परिजन बिना पोस्टमार्टम कराए शवों को अपने साथ घर ले गए। उधर, नगीना क्षेत्राधिकारी अंजनी कुमार चतुर्वेदी ने बताया कि पुरैनी टोल प्लाजा के पास तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर बिजली के पोल से टकरा गई थी। हादसे में कार सवार दोनों लोग गंभीर रूप से घायल हुए थे, जिन्हें उपचार के लिए चिकित्सा केंद्र लाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पंचायतनामा भरकर अन्य विधिक कार्रवाई की जा रही है।