बिहार पुलिस की गाड़ी ने युवक को रौंदा, मौत:बाइक सवार 2 दोस्तों की हालत गंभीर, कसया-पडरौना मार्ग पर एक्सीडेंट

कसया-पडरौना मार्ग पर रविवार को हुए एक सड़क हादसे में 40 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई। बाइक पर सवार उसके दो साथी गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया है। मृतक की पहचान अरविंद कुमार सिंह (40) निवासी वार्ड नंबर 15, वीर सावरकर नगर, सबया के रूप में हुई है। घायलों में इरफान (29) निवासी कसता मितौली, जनपद लखीमपुर खीरी और सलमान (25) निवासी टड़ेमा, थाना हरदोई शामिल हैं। इरफान और सलमान कसया में फेरी का काम करते थे और अरविंद कुमार सिंह के मकान में किराए पर रहते थे। जानकारी के अनुसार, तीनों युवक बाइक से कसया से पडरौना की ओर जा रहे थे। नवीन सब्जी मंडी से आगे पहुंचने पर सामने से आ रही बिहार पुलिस की हाइवे पेट्रोल चार पहिया वाहन से उनकी बाइक की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि अरविंद कुमार सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि इरफान और सलमान गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। घायलों को तत्काल कसया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) भेजा गया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें मेडिकल कॉलेज पडरौना रेफर कर दिया गया। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी कसया अभिनव मिश्रा ने बताया कि हादसे में शामिल वाहन और उसके चालक को हिरासत में ले लिया गया है। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।