बिहार प्रतिनिधिमंडल ने ग्रेटर नोएडा का दौरा किया:औद्योगिक टाउनशिप विकसित करने की योजना पर अधिकारियों से ली जानकारी

बिहार सरकार के शहरी विकास एवं आवास विभाग का एक प्रतिनिधिमंडल शुक्रवार को ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण पहुंचा। प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि बिहार में औद्योगिक टाउनशिप विकसित करने की योजना है, जिसके लिए ग्रेटर नोएडा से जानकारी प्राप्त करने आए हैं। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार के निर्देश पर वरिष्ठ अधिकारियों ने प्रतिनिधिमंडल के साथ बैठक की। इस दौरान जमीन अधिग्रहण से लेकर आवंटन तक की प्रक्रिया और नीतियों की विस्तृत जानकारी साझा की गई। बैठक में एसीईओ सुनील कुमार सिंह, एसीईओ प्रेरणा सिंह, एसीईओ सुमित यादव, महाप्रबंधक वित्त स्वतंत्र गुप्ता, प्रधान महाप्रबंधक संदीप चंद्रा, ओएसडी नवीन कुमार सिंह और प्रबंधक अरविंद मोहन सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। प्रतिनिधिमंडल ने ग्रेटर नोएडा और आईआईटीजीएनएल के इंफ्रास्ट्रक्चर, नियोजन, बिल्डिंग प्लान और आवंटन प्रक्रिया सहित विभिन्न पहलुओं पर जानकारी प्राप्त की। प्राधिकरण के भूलेख विभाग ने जमीन अधिग्रहण की सभी धाराओं और किसानों को दिए जाने वाले लाभों की जानकारी दी। नियोजन विभाग ने मास्टर प्लान, सेक्टर ले-आउट, बिल्डिंग बायलॉज और बसावट से जुड़े नियमों व प्रक्रियाओं से अवगत कराया। परियोजना विभाग ने ग्रेटर नोएडा के इंफ्रास्ट्रक्चर के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान की। वित्त विभाग के महाप्रबंधक स्वतंत्र गुप्ता ने वित्तीय मॉड्यूल प्रस्तुत किया और प्राधिकरण को स्ववित्त पोषित बनाने की प्रक्रिया को समझाया। प्राधिकरण के उद्योग विभाग के प्रबंधक अरविंद मोहन सिंह ने ग्रेटर नोएडा में लागू औद्योगिक नीतियों, योजनाओं और आवंटन प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी। प्रतिनिधिमंडल ने आईआईटीजीएनएल के इंटीग्रेटेड इंडस्ट्रियल टाउनशिप का भ्रमण भी किया, जहां उन्होंने प्लग एंड प्ले सिस्टम, वेस्ट प्रोसेसिंग प्लांट और बिजली-पानी की 24 घंटे उपलब्धता के बारे में जानकारी प्राप्त की। प्रतिनिधिमंडल ने ग्रेटर नोएडा और आईआईटीजीएनएल के इंफ्रास्ट्रक्चर की सराहना की। उन्होंने यहां से प्राप्त जानकारी को बिहार के शहरी विकास एवं आवास विभाग द्वारा नीति बनाने और इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित करने के लिए बेहद उपयोगी बताया।