बीजेपी विधायक की दिल्ली ब्लास्ट पर पोस्ट:लिखा- दिल्ली ब्लास्ट उनके मुंह पर तमाचा, जो कहते हैं आतंकियों का कोई धर्म नहीं होता

हरदोई के गोपामऊ विधानसभा क्षेत्र से बीजेपी विधायक श्याम प्रकाश एक बार फिर अपने बयान को लेकर सुर्खियों में हैं। उन्होंने दिल्ली ब्लास्ट को लेकर सोशल मीडिया पर एक टिप्पणी की है, जिससे सियासी गलियारों में चर्चाएं तेज हो गई हैं। यह मामला तब सामने आया जब हरदोई के भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत सिंह बब्बन ने फेसबुक पर एक पोस्ट किया था। बब्बन ने लिखा था, “दिल्ली ब्लास्ट उन लोगों के मुंह पर तमाचा है जो कहते हैं कि आतंकियों का कोई धर्म नहीं होता और वो अनपढ़ होते हैं।” इस पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए विधायक श्याम प्रकाश ने टिप्पणी की, “जिसके नाम गाड़ी हो, वह कभी ब्लास्ट नहीं कर सकता, कोई भी इतना मूर्ख नहीं है??” विधायक की यह टिप्पणी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गई। कई यूजर्स ने उनके बयान को ‘बेबाक’ बताया, जबकि अन्य ने इसे ‘विवादित’ करार दिया। गौरतलब है कि विधायक श्याम प्रकाश पहले भी अपने फेसबुक पोस्ट्स को लेकर चर्चा में रहे हैं। वे अक्सर सरकार और व्यवस्था की कार्यप्रणाली पर खुलकर सवाल उठाते रहे हैं। हाल ही में, उपमुख्यमंत्री द्वारा भ्रष्टाचारियों को जेल भेजने के बयान पर भी उन्होंने टिप्पणी की थी। तब उन्होंने लिखा था, “फिर तो 99% अफसर जेल में होंगे।” उनके इन तीखे बयानों से एक बार फिर राजनीतिक माहौल गरमा गया है और पार्टी के भीतर भी इस पर चर्चाएं तेज हो गई हैं।