बृजभूषण बोले- सांसद पद से मैं ऊपर हो चुका हूं:सांसद हमारे सामने टिकता नहीं है, षड़यंत्रकारियों के लिए एक बार लोकसभा जाऊंगा

गोंडा के कटरा बाजार विधानसभा क्षेत्र के नारायणपुर गांव में कैसरगंज सांसद प्रतिनिधि सुनील सिंह ने एक कंबल वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया था। इस कार्यक्रम में पहुंचे कैसरगंज के पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने हजारों लोगों को संबोधित करते हुए एक बड़ा बयान दिया है। बृजभूषण शरण सिंह ने कहा कि उन्हें जनता ने नहीं, बल्कि एक ‘षड्यंत्र’ ने रिटायर किया है। उन्होंने दृढ़ता से कहा कि उन षड्यंत्रकारियों के लिए बृजभूषण शरण सिंह एक बार फिर लोकसभा चुनाव लड़ेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि वह किस सीट से चुनाव लड़ेंगे, यह भगवान ही जानता है। उन्होंने मौजूदा सांसदों को चुनौती देते हुए कहा कि जो सांसद जनता की सेवा ठीक से नहीं कर रहा होगा वह उसी के क्षेत्र से चुनाव लड़ेंगे। बृजभूषण ने कुछ लोगों पर कटाक्ष करते हुए कहा कि वे खुद को 100-50 साल के लिए सांसद या मंत्री मान बैठे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि वह ऐसे ‘गड़बड़’ लोगों को छांट रहे हैं। बृजभूषण शरण सिंह ने अपनी बात पर जोर देते हुए कहा कि जो उनसे लोहा लेना चाहेगा, उसे लोहा लेना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि उनका सिर केवल गरीब और शरीफ लोगों के आगे झुकेगा, सबके आगे नहीं। उन्होंने दावा किया कि उन्हें यह भरोसा, विश्वास और बल जनता से मिलता है। उन्होंने आगे कहा कि यहां की जनता, प्रदेश की जनता और अब तो पूरे देश की जनता उनके साथ है। बृजभूषण ने एक कविता के माध्यम से कहा कि वह ‘चुनाव से ऊपर हो चुके हैं’ और ‘सांसद पद से ऊपर’ हैं। उन्होंने कहा कि सांसद उनके लिए कोई मायने नहीं रखता, लेकिन एक बार वह ‘खंभा जरूर गाड़ेंगे’।