यूपी में कैसरगंज के पूर्व भाजपा सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने 2029 के लोकसभा चुनाव में उतरने का ऐलान कर दिया है। उन्होंने कहा- 2029 का चुनाव जरूर लड़ेंगे। भाजपा लड़ाएगी तो लड़ेंगे, वरना पैदल लड़ जाएंगे। इससे पहले उन्होंने कहा था कि 2027 के लिए मैंने कोई तैयारी नहीं की है। लेकिन, 2029 के लिए मन बना लिया है। कोई ताकत रोक नहीं सकती। दरअसल, बृजभूषण के 2029 चुनाव लड़ने वाले दो बयान सामने आए हैं। पहले अपने आवास पर दिए गए एक इंटरव्यू में उन्होंने कहा था- 2027 में तो नहीं, पर 2029 का चुनाव जरूर लडूंगा। मुझे दुनिया की कोई ताकत रोक नहीं सकती। पूर्व सांसद ने साफ किया कि मैं भाजपा में हूं और भाजपा में ही रहूंगा। मेरे परिवार में 3 लोग भाजपा से ही राजनेता हैं। मेरी आत्मा अभी भी भाजपा में ही बसती है। इसके बाद शनिवार को पूर्व सांसद का एक और बयान सामने आया। गोंडा के पस्का कस्बे में एक शादी समारोह के लिए पहुंचे बृजभूषण ने मीडिया से बातचीत में साफ किया कि भले ही उन्हें निर्दलीय लड़ना पड़े, लेकिन वो 2029 में चुनाव जरूर लड़ेंगे। दरअसल, यौन शोषण के आरोपों के बाद 2024 लोकसभा चुनावों में बृजभूषण का टिकट कट गया था। उनकी जगह उनके बेटे करण भूषण सिंह को टिकट दिया गया था। खबर में आगे बढ़ने से पहले इस पोल पर अपनी राय दीजिए… अब पढ़िए बृजभूषण शरण सिंह से पूरी बातचीत… ‘सच बोलता हूं, तो लोग सोचते हैं कि बागी हो गया’
भाजपा से नाराजगी की चर्चाओं का खंडन करते हुए पूर्व सांसद ने कहा- देखिए सच बोलना मेरी आदत है, कई बार मैं सत्य बोल देता हूं तो लोगों को लगता है कि मैं बीजेपी से आउट हो गया। बीजेपी से बागी हो गया। पर ऐसा नहीं हैं। मेरा एक बेटा बीजेपी से सांसद है, दूसरा विधायक। भतीजा ब्लॉक प्रमुख। पत्नी भाजपा से ही जिला पंचायत अध्यक्ष रह चुकी हैं। मेरा मन और आत्मा अभी भी बीजेपी में ही है। बीजेपी से ही चुनाव लडूंगा, किसी और पार्टी से नहीं। ‘सच बोलना कोई अपराध नहीं’
इस दौरान बृजभूषण ने कहा- सत्य बोलना मेरा स्वभाव है, पर इसका मतलब ये नहीं कि मैंने बीजेपी से किनारा कर लिया। मेरी पूरी टीम और विचारधारा भाजपा की ही है। मैं भाजपा का हूं और भाजपा का ही रहूंगा। उन्होंने एक कविता सुना कर अपनी भावनाएं बयां कीं… ”किसी सोते को गफलत से जगा देना बगावत है…
किसी कमजोर के हक को दिला देना बगावत है,
अगर सच्चाइयों का गीत गाना बगावत है…
तो हम भी एक बागी हैं, मेरा मजहब बगावत है।” 2024 में क्यों कटा था टिकट?
2024 में कैसरगंज लोकसभा सीट से बृजभूषण सिंह का टिकट काटकर भाजपा ने उनके छोटे बेटे करण सिंह को उतारा था। बृजभूषण के खिलाफ महिला खिलाड़ी साक्षी मलिक, बजरंग पूनिया और विनेश फोगाट जैसे रेसलरों ने मुहिम शुरू की थी, जोर देकर कहा गया था कि बीजेपी नेता और तत्कालीन भारतीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष बृजभूषण ने महिला रेसलरों के साथ यौन शोषण किया। उस विवाद को लेकर ही कई रेसलरों ने अपने मेडल वापस किए थे, कई दिनों तक धरना भी दिया। विपक्ष ने भी मांग की थी कि बृजभूषण के खिलाफ कार्रवाई की जाए। अब तक बीजेपी ने कार्रवाई तो नहीं की, लेकिन हरियाणा की लोकसभा सीटों पर पड़ने वाले विपरीत प्रभाव को देखते हुए बृजभूषण शरण सिंह का टिकट काट दिया गया। 7 बार लोकसभा लड़े बृजभूषण, 6 बार मिली जीत और एक बार हार ————————– ये खबर भी पढ़िए… चंद्रशेखर को गर्लफ्रेंड की धमकी- इंडिया आ रही…खत्म कर दूंगी:जिस मां-बाप ने प्यार दिया, उन्हें ही धमका रहे; अब ताकत दिखाऊंगी यूपी की नगीना सीट से सांसद चंद्रशेखर और उनकी कथित एक्स गर्लफ्रेंड डॉक्टर रोहिणी घावरी के बीच विवाद थम नहीं रहा है। रोहिणी का दावा है कि चंद्रशेखर ने उनके मां-बाप को जेल भिजवाने की धमकी दी। रोहिणी ने चंद्रशेखर को धोखेबाज, एहसान फरामोश आदमी बताया। उन्होंने कहा, ‘अब आपकी जानी दुश्मन बन गई हूं। आपको पूरी तरह से खत्म करूंगी। जब बात मां-बाप पर आती है तो बच्चे हर मर्यादा लांघ देते हैं। आ रही हूं इंडिया वापस… अपनी ताकत दिखाऊंगी।’ रोहिणी अभी स्विट्जरलैंड में रहती हैं। पूरी खबर पढ़िए…