मेरठ में आगामी 22 फरवरी को प्रस्तावित बृहद विधिक साक्षरता-सेवा शिविर के सफल आयोजन के लिए एक बैठक आयोजित की गई। यह बैठक जनपद न्यायाधीश अनुपम कुमार की अध्यक्षता में चौदह न्यायालय भवन के सभागार कक्ष में हुई। अपर जिला न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव रमेश कुशवाहा ने बताया कि उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण लखनऊ के निर्देशानुसार 22 फरवरी को विभिन्न विभागों के समन्वय से मेगा-बृहद विधिक सहायता एवं सेवा शिविर आयोजित करने का निर्देश दिया गया है। बैठक में जनपद न्यायाधीश ने उपस्थित प्रशासनिक और न्यायिक अधिकारियों को शिविर को सफल बनाने के लिए आपस में समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी डॉ. वी.के. सिंह ने सभी प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे 22 फरवरी को आयोजित होने वाले विधिक साक्षरता शिविर को सफल बनाने के लिए अपने-अपने विभाग की जनकल्याणकारी योजनाओं और चिन्हित लाभार्थियों का विवरण जिलाधिकारी कार्यालय तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के कार्यालय को उपलब्ध कराएं। इसका उद्देश्य अधिक से अधिक जनता को इस शिविर के माध्यम से लाभान्वित करना है। उन्होंने यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि कार्यक्रम समाप्ति के उपरांत लाभार्थियों का पूर्ण विवरण मुख्य विकास अधिकारी को हर हाल में उपलब्ध कराया जाए। यह जानकारी समय पर उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण को भेजी जा सकेगी। इस अवसर पर जिलाधिकारी डॉ. वी.के. सिंह, प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी प्रभाग वंदना फोगाट, एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक राजेश कुमार अन्य संबंधित प्रशासनिक और न्यायिक अधिकारीगण उपस्थित थे।