कौशांबी में एक मां ने अपनी 12 साल की बेटी को यमुना में फेंक दिया। फिर घर आकर उसे ढूंढने का नाटक करने लगी। इसके बाद वह थाने पहुंची। पुलिसवालों से रोते हुए बोली- मेरी बेटी कहीं चली गई है। मैं अपने बेटे को लेकर बगल के गांव में झाड़-फूंक कराने गई थी। जबसे घर आई, उसका पता नहीं चल रहा। पुलिस 21 नवंबर को बेटी की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कर उसकी तलाश में जुट गई। 2 दिन तक बेटी के नहीं मिलने पर पुलिस ने शक के आधार पर मां से ही पूछताछ शुरू की। पहले तो मां ने बहाने बनाए। लेकिन, जब पुलिस ने कड़ाई से पूछना शुरू किया, तो वह टूट गई। इसके बाद उसने पूरी कहानी बताई। घटना सराय अकिल थाना क्षेत्र के हर्रायपुर गांव की है। पढ़िए मां का कबूलनामा… मां मीना देवी ने बताया- हार्रयपुर गांव में मेरा घर है। मेरे पति रोशन लाल दिवाकर खेती करते हैं। मेरे 2 बच्चे थे। एक छोटा बेटा और बेटी अनामिका (12)। मेरी बेटी दिमाग से कमजोर थी, इसलिए वह अक्सर झगड़ा करती रहती थी। मैं उससे परेशान हो चुकी थी। 21 नवंबर की सुबह मैं अपने 6 महीने के बेटे और अनामिका को लेकर घर से निकली। ई-रिक्शा से यमुना नदी के महिला घाट पुल पहुंची। वहां सुनसान जगह देखकर बेटी को रेलिंग पर बैठा दिया। फिर अचानक उसे धक्का देकर नदी में गिरा दिया। इसके बाद मैं घर आ गई और झूठी रिपोर्ट दर्ज कराई, जिससे किसी को शक न हो। अब जानिए पुलिस को कैसे मां पर शक हुआ
सीओ चायल अभिषेक सिंह ने बताया- 21 नवंबर को महिला मीना थाने आई थी। कहने लगी कि बेटी खो गई है। उसे ढूंढ दीजिए। मैं झाड़-फूंक कराने गई थी। लेकिन घर पहुंची, तो वह गायब मिली। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर उसकी तलाश शुरू की। 24 घंटे तक बच्ची का कुछ पता नहीं चला। इस पर हमें मां पर शक हुआ। मीना ने बताया था कि वह झाड़-फूंक कराने कन्जापर गांव गई थी। हम लोग कन्जापर गांव पहुंचे। वहां पूछताछ करने में पता चला कि मीना यहां आई ही नहीं थी। शक गहराने पर हम हार्रयपुर गांव पहुंचे। मीना को लेकर थाने आए और उससे पूछताछ शुरू की। लेकिन उसने कहा कि मैं नहीं जानती। फिर हमने महिला के फोन को सर्विलांस पर डाला। उसमें पता चला कि 21 तारीख को वह यमुना नदी के पास गई थी। इसके बाद हमने महिला से नदी पर जाने के बारे में बताया, तो वह बहाना करने लगी। कड़ाई से पूछताछ करने पर वह टूट गई और अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसने बच्ची को कैसे फेंका, इसके बारे में भी बताया। नदी में बच्ची की तलाश की जा रही
मां के कबूलनामे के बाद से पुलिस और SDRF की टीमें यमुना नदी में लगातार तलाश कर रही हैं। नदी किनारे बसे गांवों के घाटों पर मछुआरों की मदद ली जा रही है। सीमावर्ती थानों को भी सतर्क कर दिया गया है। मां को गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है। ————————— ये खबर भी पढ़ें… मुझसे शादी करोगी? मना करते ही छात्रा का गला काटा, लखनऊ में घर में घुसकर वारदात लखनऊ में एक युवक ने घर में घुसकर बीएससी की छात्रा की गला रेतकर हत्या कर दी। इसके बाद बाइक से भाग गया। छात्रा 10 मिनट तक जमीन पर पड़ी तड़पती रही। फिर घर के दरवाजे पर ही दम तोड़ दिया। पढ़ें पूरी खबर…