लखनऊ में लिव-इन में रहने वाले 33 साल के इंजीनियर सूर्य प्रताप सिंह की हत्या में कई चौंकाने वाले फैक्ट्स सामने आए हैं। पूछताछ में पुलिस को 46 साल की आरोपी गर्लफ्रेंड रत्ना ने बताया- इंजीनियर ने उसकी बड़ी बेटी को बैड टच किया था। यह देखते ही गुस्से में आपा खो बैठी। किचन से चाकू उठाकर लाई। दोनों बेटियों ने हाथ पकड़कर इंजीनियर सूर्य प्रताप को जमीन पर पटक दिया। मैंने सूर्य का गला काट दिया। कमरे में चारों तरफ खून फैल गया था। इंजीनियर कुछ देर तड़पता, फिर उसकी सांसें थम गईं। शव को कमरे में छोड़कर हम तीनों दूसरे कमरे में चले गए। पुलिस को यह भी पता चला है कि रत्ना की बेटियों को इंजीनियर कैद करके रखता था। उन्हें सोशल मीडिया अकाउंट नहीं चलाने देता था। रील देखने से रोकता था। वहीं, सूर्य के पिता ने मकान हड़पने के लिए बेटे की हत्या होने की बात की है। पुलिस ने आरोपी रत्ना को गिरफ्तार कर मंगलवार को जेल भेज दिया। वहीं नाबालिग बेटियों को बाल सुधार गृह भेजा।पढ़िए इंजीनियर की हत्या की इनसाइड स्टोरी… हत्या की 3 वजहें जानिए… 1- बड़ी बेटी को करता था बैड टच
पुलिस की पूछताछ में रत्ना ने बताया- सूर्य मेरी बड़ी बेटी पर बुरी नजर रखता था। वह बेटी को बैड टच करता था। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट करता था। 7 दिसंबर की रात में उसने बड़ी बेटी के मोबाइल पर एक युवक की तस्वीर देख ली। उसके बाद घसीटते हुए उसे कमरे में ले गया। अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। बड़ी बेटी की चीख सुनकर मैं छोटी बेटी के साथ मौके पर पहुंची। चीखी-चिल्लाई तो सूर्य ने दरवाजा खोला। मैंने छोटी बेटी के साथ मिलकर बड़ी बेटी को सूर्य के चंगुल से छुड़ाया। इसके बाद मैं भागकर किचन में गई और चाकू उठा लाई। दोनों बेटियों ने सूर्य को पकड़कर जमीन पर पटक दिया। मैंने सूर्य के गले पर चाकू से ताबड़तोड़ वार करके उसकी हत्या कर दी। 2- बेटियों को कैद में रखता था, छुड़ा दी थी पढ़ाई पुलिस के अनुसार, सूर्य की हत्या एक दिन के गुस्से की वजह से नहीं हुई। उसकी हत्या की प्लानिंग काफी पहले से बनाई जा रही थी। पुलिस को पता चला कि सूर्य अपनी गर्लफ्रेंड की दोनों बेटियों को घर में कैद रखता था। किसी से बातचीत नहीं करने देता था। घर में 3 सीसीटीवी कैमरे लगवाए थे। उसका एक्सेस अपने मोबाइल पर लिया था। उससे वह गर्लफ्रेंड की बेटियों पर नजर रखता था। उसने बड़ी बेटी की पढ़ाई भी छुड़ा दी थी। काफी विवाद के बाद इस साल उसका 12वीं में एडमिशन कराया था। इसको लेकर उसके प्रति दोनों बेटियों और गर्लफ्रेंड में गुस्सा पनप रहा था। 3- इंजीनियर की जमीन, गर्लफ्रेंड के पैसे से बना मकान सूर्य ग्रीन सिटी, सालारगंज स्थित मकान में रत्ना और उसकी दोनों बेटियों के साथ रहता था। पुलिस की जांच में आया है कि जमीन सूर्य ने खरीदी थी। पति की मौत के बाद मिले पैसे से रत्ना ने उस पर मकान बनवाया था। इस वजह से रत्ना मकान पर अपना हक जताती थी। वह सूर्य पर मकान को अपने नाम करने का दबाव बना रही थी। इसको लेकर भी दोनों में आए दिन विवाद होता था। पुलिस को यह भी पता चला है कि रत्ना ने पति की मौत के बाद मिले पैसे से कार भी खरीदी थी। कार उसने अपने नाम फाइनेंस कराई थी। उसका किस्त भरती थी। सूर्य कार पर अपना हक जताता था। खबर में आगे बढ़ने से पहले इस पोल पर अपनी राय दीजिए… अब पढ़िए सूर्य और रत्ना की लव स्टोरी… 2012 में दोनों संपर्क में आए
सूर्य का परिवार जानकीपुरम में रहता है। रत्ना के साथ रहने से पहले वह परिवार के साथ जानकीपुरम में रहता था। उसके पिता नरेंद्र सिंह ने बताया- बेटा सूर्य पॉलिटेक्निक की पढ़ाई करता था। इस दौरान वह मोहल्ले में बच्चों को ट्यूशन पढ़ाता था। 2012 में वह रत्ना की दोनों बेटियों को भी ट्यूशन पढ़ाता था। रत्ना का पति राजेंद्र कुमार शराब का आदी था। शराब पीकर रत्ना के साथ मारपीट करता था। रत्ना उससे अलग रहने लगी थी। इस दौरान सूर्य रत्ना के करीब आ गया। 2014 में राजेंद्र की मौत हो गई। इसके बाद रत्ना ने बेटे सूर्य से मदद मांगी। उसे झांसे में लेकर उसके साथ किराए के कमरे में रहने लगी। करीब 2 साल पहले सूर्य ने ग्रीन सिटी, सालारगंज में अपना मकान बनवा लिया। रत्ना अपनी दोनों बेटियों और सूर्य के साथ उसमें रहने लगी। बेटे के पैसों से करती थी ऐश
पिता नरेंद्र सिंह ने बताया- सूर्य एवरेडी कंपनी में एग्जीक्यूटिव इंजीनियर था। अच्छी-खासी कमाई करता था। रत्ना कुछ नहीं करती थी। वह और उसकी दोनों बेटियां सूर्य के पैसे से ऐश करती थीं। मैंने कई बार बेटे से रत्ना के संबंध के बारे में पूछा, लेकिन उसने हर बार इनकार कर दिया। इस वजह से मैं उसकी शादी देख रहा था। कई जगहों से बातचीत भी चल रही थी। उन्होंने बताया कि 7 दिसंबर को दिन में ही उनकी बेटे से बात हुई थी। उसने उन्हें पैसे भी भेजे थे। पिता ने मकान हड़पने का लगाया आरोप
मृतक के पिता ने बीबीडी थाने में आरोपी महिला और उसकी दोनों बेटियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करवाया है। उन्होंने आरोप लगाया है कि तीनों लोगों ने मकान हड़पने के लिए बेटे की हत्या की है। उसकी हत्या करने के बाद वो लोग मकान कर कब्जा करना चाहते थे। इसको लेकर आए दिन दोनों में लड़ाई होती थी। गमगीन माहौल में बेटे का अंतिम संस्कार किया परिजनों ने मंगलवार दोपहर को गोमती नगर के बैकुंठधाम में गमगीन माहौल में सूर्य प्रताप सिंह के शव का अंतिम संस्कार कर दिया। पिता नरेंद्र ने चिता को मुखाग्नि दी। इस दौरान बड़ी संख्या में रिश्तेदार और दोस्त उपस्थित रहे। अब सिलसिलेवार समझिए घटनाक्रम… पुलिस को कॉल करके बोली गर्लफ्रेंड- प्रेमी की हत्या कर दी है ग्रीन सिटी, सालारगंज में 33 साल का इंजीनियर सूर्य प्रताप सिंह 46 साल की गर्लफ्रेंड रत्ना और उसकी 18 साल की बड़ी बेटी जानवी व 14 साल की छोटी बेटी के साथ रहता था। रत्ना ने 8 दिसंबर की सुबह करीब 9 बजे पुलिस कंट्रोल रूम में कॉल किया। उसने बताया- मैंने लिव-इन पार्टनर की हत्या कर दी है। उसका शव घर में पड़ा है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया। पुलिस ने सूर्य के पिता नरेंद्र की शिकायत पर रत्ना और उसकी दोनों बेटियों के खिलाफ मुकदमा दर्जकर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। चेहरे पर कोई शिकन नहीं
रत्ना ने पुलिस की पूछताछ में बताया कि 7 दिसंबर की रात 11 बजे हत्या की। उसके बाद बेटियों के साथ दूसरे कमरे में चली गई। रातभर शव पड़ा रहा। उसने कहा कि उसे अपने किए पर कोई पछतावा नहीं है। पुलिस की पूछताछ में भी उसके चेहरे पर कोई शिकन नहीं दिखी। 35 हजार रुपए पेंशन पाती थी
रत्ना का पति राजेंद्र कुमार जनगणना विभाग में काम करता था। राजेंद्र की मौत के बाद रत्ना को मोटी रकम मिली थी। उसे 35 हजार रुपए पेंशन मिलती थी। वह हाउस वाइफ है। पुलिस को उसने बताया कि वह चाहती थी कि मकान उसके नाम हो जाए, ताकि यदि सूर्य उन्हें छोड़कर जाए तो घर पर उसका ही कब्जा रहे। सूर्य अपने मां-बाप का इकलौता बेटा था
सूर्य अपने मां-बाप का इकलौता बेटा था। पिता नरेंद्र मैक्स हॉस्पिटल में ड्राइवर हैं। मां हाउस वाइफ है। उसी दो बहनें हैं। दोनों की शादी हो चुकी है। वहीं, रत्ना राजेंद्र के परिवार से कोई नाता नहीं रखती थी। उसका वहां पर आना-जाना नहीं था। ——————- संबंधित खबर भी पढ़िए… 13 साल बड़ी गर्लफ्रेंड ने इंजीनियर का गला काटा:लखनऊ में पुलिस को फोन कर बुलाया, लिव-इन में रहते थे; बड़ी बेटी पर थी गंदी नजर लखनऊ में 13 साल बड़ी गर्लफ्रेंड ने इंजीनियर प्रेमी की गला काटकर हत्या कर दी। दोनों लिव-इन में रहते थे। महिला के साथ उसकी 18 और 14 साल की 2 बेटियां भी रहती थीं। मर्डर करने के बाद करीब 10 घंटे तक महिला अपनी दोनों बेटियों के साथ दूसरे कमरे में बैठी रही। पढ़िए पूरी खबर